बस्सी

पत्रिका सर्वे पर टॉक शो : बस्सी में मतदाताओं की नब्ज टटोली, कार्यकर्ताओं की अनदेखी से पार्टियां अपना वजूद नहीं बना पाई

उम्मीद के अनुरूप नहीं हुआ बस्सी का विकास
2 min read
• •
Updated: 1 Apr 2018, 11:11 PM IST
rajasthan-patrika-survey par Talk show

बस्सी (जयपुर)। प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा-कांग्रेस पूरे दमखम से चुनावी तैयारियों में जुटी हैं। बस्सी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की नब्ज टटोलने के मकसद से करवाए गए पत्रिका के सर्वे मिजाज-ए-सियासत को लेकर पत्रिका कार्यालय बस्सी में रविवार को भाजपा, कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में टॉक-शो किया गया, जिसमें भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माना कि जिस तरह क्षेत्र का विकास होना था वह नहीं हुआ है। साथ ही युवा व स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण भी पार्टियां यहां अपना वजूद नहीं बना पाई है। टॉक शो में युगलेश कुमार शर्मा, राकेश मीणा चेनपुरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पर्यावरण प्रकोष्ठ बस्सी नवीन कुमार चौधरी ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

जनता की जुबानी
जनप्रतिनिधि आम आदमी को पार्टी से नहीं जोड़ पा रही है। इसलिए आम जनता का जुड़ाव सरकार तक कैसे हो। वर्तमान स्थिति के लिए पाटियां ही जिम्मेदार है।
विनोद शर्मा, सरपंच बस्सी

कांग्रेस व भाजपा आम कार्यकर्ताओं को तवज्जों नहीं देती है। इसी वजह से दोनों पाटियों के नेता आगे नहीं बढ़ पाते है। निजी स्वार्थों के खातिर पार्टी के नेता इस तरह से कार्यकर्ताओं की बली चढ़ा देते हैं।
अमरीश शर्मा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष बस्सी

भाजपा व कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पा रही है। दोनों पार्टियां ही युवाओं को नजरअंदाज कर रही है। युवा मतदाताओं की भावना के बारे में नहीं सोच रही है। पार्टियों को युवा मतदाताओं से ही फायदा मिल सकता है।
मनीष शर्मा, दैनिक रेल यात्री संघ अध्यक्ष बस्सी

पार्टी के नुमाइंदों की ओर से कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने से क्षेत्र में पार्टियां उभरकर अपना प्रदर्शन नहीं कर पा रही है।
बृजमोहन बंदावला, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष बस्सी

राजस्थान पत्रिका ने सर्वे कर जनता की नब्ज टटोलकर लोकतंत्र के चौथे स्थम्भ ने अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकारात्मक कार्य किया है।
पुरुषोत्तम तंबोली, पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष बस्सी

पत्रिका की ओर से किया गया सर्वे सरकार व जनप्रतिनिधियों को आइना दिखाया है। युवा पीढी की उपेक्षा और सामूहिकता के कार्य आगे नहीं बढने से बस्सी का विकास बाधित हुआ है।
रामदयाल सैन, सामाजिक युवा संगठन सचिव बस्सी

नेताओं की उपेक्षा के चलते बस्सी क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो रहे है। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नहीं सुनने व समझने से क्षेत्र विकास में काफी पिछडा हुआ है।
मुकेश जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस

निर्दलीय विधायक के कार्यकाल में क्षेत्र में कोई कार्य नहीं हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने क्षेत्र में विकास कार्य करवाएं है। जो प्रगति पर है तो कई पूर्ण हो चुके है।
रामजीलाल ठाकुरिया, भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष बस्सी

भाजपा सरकार ने बस्सी क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई है। क्षेत्र में बीसलपुर पेयजल योजना भाजपा सरकार की देन है। इससे आमजन को पानी मिल रहा है।
सूरजनारायण शर्मा, अध्यक्ष कृषि उपज मण्डी बस्सी

इससे पूर्व भाजपा विधायक का कार्यकाल अच्छा था। सरकार की ओर से कई कार्य किए गए हैं, जो सराहनीय है।
विनयकुमार डंगायच, व्यापार मण्डल अध्यक्ष बस्सी

वर्तमान विधायक के दो दशक के कार्यकाल में विकास कार्य नहीं होने से विधायक के प्रति रोष है। विधायक के लिए बाहरी व्यक्ति को बस्सी की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
उमेश मीणा, पंचायत समिति सदस्य बस्सी

Published on: