
शाहपुरा (जयपुर)। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले ही दिन ही सड़कों पर कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। प्रदेश के नेशनल हाइवे से लेकर कस्बे की सड़कों पर लोग बे-खौफ बिना हेलमेट दुपहिया वाहन दौड़ाते नजर आए।
वहीं हाइवे पर ओवरलोड वाहन धड़ल्ले गुजरते रहे। कार्रवाई में शिथिलता के कारण लोग पुलिस के सामने ही यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखे। इतना ही नहीं सरकार ने तीन साल पहले शहरों के साथ ही गांवों में भी दुपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठे सवार के लिए भी हैलमेट लगाना अनिवार्य किया था लेकिन यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की अनदेखी से सुरक्षा दावों की हवा निकल रही है।
खुद की सुरक्षा की भी परवाह नहीं
दुर्घटना में कमी लाने के लिए हर साल यातायात सप्ताह मनाया जाता है, लेकिन सड़कों पर इस बार भी पुलिस सख्ती के अभाव में असर नहीं दिखाई दे रहा है। बिना हैलमेट के वाहन चलाने वाले अपनी सुरक्षा की परवाह नहीं कर रहे हैंं। जबकि सड़क हादसों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो हादसों में बाइक सवार लोग ही शिकार हो रहे है।
इनका कहना है
बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाती है। अब और सख्ती बरती जाएगी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत स्कूलों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विनय बंसल, जिला परिवहन अधिकारी, शाहपुरा
बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। वाहनों का चालान भी किया है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन 3 वाहन जब्त और 10 का चालान भी किया है।
कालूराम झरवाल, यातायात प्रभारी, शाहपुरा