
शिवदासपुरा (जयपुर)। सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद माफियाओं की ओर से बजरी का अवैध खनन किया जा रहा है। जिससे कोर्ट के आदेशों की धड़ल्ले से मखौल उड़ाया जा रहा है। ऐसे में शिवदासपुरा थाना इलाके में खनन माफिया बेख़ौफ़ अवैध बजरी परिवहन कर महंगे दामों में बेचकर चांदी कूट रहे है। अवैध बजरी परिवहन की मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए चाकसू एसीपी वीरसिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर के जरिये अवैध बजरी से भरे 10 उम्पर जब्त किए। इस मौके पर माइनिग विभाग के अधिकारी पहुंच गए है।
जानकारी अनुसार सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद बजरी माफियाओं के खिलाफ कर्रवाई नहीं हो रही है। जिसके चलते क्षेत्र में धड़ल्ले से बजरी से भरी ओवरलोड ट्रक, डम्पर व ट्रैक्टर ट्रॉलियां क्षेत्र के विभिन्न रास्तों से गुजरती है। गांवों से गुजरने के चलते ये प्रशासन की नजर में नहीं आ पाती है।
ऊंचे दामों में बेच रहे
सूत्रों के अनुसार ट्रक, डम्पर व ट्रैक्टर ट्रॉलियां बनास से सस्ते दामों में तो बजरी लेकर आते है और यहां लाकर ऊंचे दामों में बेच देते है। जिन्हें अधिक जरुरत होती है वे अधिक दाम लेकर अपना काम निकाल लेते है। खनन माफिया ऊंचे दामों में बेचकर चांदी कूट रहे है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई से माफियाओं में हडकम्प मच गया।
यहां से गुजरती है
बजरी से भरी ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉलियां, डम्पर, ट्रक शिवदासपुरा, सांभरिया-कानोता, चाकसू-सांभरिया, देवगांव सांभरिया समेत अन्य मार्ग से गुजरती है। यहां रास्ते में कोई चेक करने वाला नहीं होता है। जिससे ये बेखौफ दौड़ते रहते है। ऐसे में चाकसू एसीपी ने ग्रामीणों की ओर से मिल रही शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को अवैध बजरी परिवहन मामले में 10 डम्पर को जब्त कर लिया।