
बार्डर पर 200 कट्टा अवैध धान की तस्करी करते पकड़ा, वहीं इलाके से 50 हजार का चिरान किया जब्त
कोंडागांव. खाद्य विभाग की टीम ने छापेमार कार्यवाही करते हुये ओडिशा बार्डर पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ट्रक समेत 80 क्विंटल अवैध धान पकड़ा। रात करीब ढाई बजे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलएल 7123 सलना बेरियर क्रास करने ही वाली थी कि छापामार टीम मौके पर पहुंच गई। वाहन को रोककर पूछताछ की गई तो पता चला कि वाहन में 200 कट्टा तकरीबन 80 क्विटंल धान का परिवहन किया जा रहा है। वाहन चालक के पास कोई दस्तावेज नहीं था। जिला खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया, एएफओ तरूण राठौर व खाद्य निरीक्षक हितेश दास मानिकपुरी ने मामला अवैध धान परिवहन का होना पाये जाने पर विश्रामपुरी थाने में वाहन को सुपुर्द करवा दिया।
ओडिशा से धमतरी ले जा रहे थे धान
पकड़े गये वाहन चालक के दिनेश केउत ने बताया कि धान ओडिशा से धमतरी ले जाया जा रहा था। राइस मिल में खपाया जाना था। केशकाल मंडी के एक कर्मचारी ने जालसाजी करते हुये गम्हरी से धान ले जाने संबंधी पूरा दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार कर लिया था। खाद्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान वाहन चालक व मंडी कर्मचारी से पृथक-पृथक पूछताछ की तो दोनों के बयान में मतभेद मिला। इसके बाद जांच दल ने मामला थाने के सुपुर्द कर दिया। ज्ञात हो कि धान खरीदी के दौरान अन्य राज्य की फसल को प्रदेश के मंडी व खरीदी केंद्रो में बैड़े पैमाने पर जालसाजी कर खपाया जाता रहा है। इसके कई प्रकरण हर साल बनते हैं। इसी जालसाजी को रोकने के खाद्य विभाग की टीम जिले के सीमाई इलाके में अपना डेरा जमाये हुये है।
पुलिस ने पकड़ा 50 हजार का सागौन चिरान
गश्त पर निकली कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात नारायणपुर तिराहे पर छोटा हाथी वाहन में सागौन का अवैध परिवहन कर रहे लोगों को पकड़ा। जब्त 18 फारा की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है। गश्त के दौरान तेजी से आते छोटा हाथी क्रमंाक सीजी 04 एलसी 2087 वाहन को देखकर उपनिरीक्षक शिशिरकांत व अन्य जवान वाहन के पीछे लग गये और उसे रोक कर तलाशी ली। वाहन में 18 नग सागौन फारा मिला। वाहन मालिक इमरान अंसारी पिता इजरायल अंसारी व दुर्गेश कौशिक पिता रमेश कौशिक दोनो आरोपी कोण्डागांव के हैं।
अवैध कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है
आड़ावाल से सागौन फारा निकाल कर जिला मुख्यालय आ रहे थे। पुलिस ने प्रकरण वन विभाग के सुर्पुद कर दिया है। ज्ञात हो कि वन विभाग की अनदेखी से अंचल में इमारती लकडिय़ों का अवैध कारोबार तेजी से फल फूल रहा है। कुछ माह पहले अमरावती व मुलमुला परिक्षेत्र में अवैध कटाई का मामला सामने आया था। इसकी जंाच में विभाग जुटा हुआ है।