
जनअदालत लगाकर ग्रामीणों की हत्या सहित कई बड़ी वारदातों में शामिल नक्सली गिरफ्तार, देखें वीडियो
दंतेवाड़ा. जिला मुख्यालय के ब्लाक कुआकोण्डा की पुलिस ने एक माओवादी को आंध्रा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार इस माओवादी पर जनअदालत लगाकर भीड़ के सामने धनीकरका के रहने वाले शामू मांडवी को मौत के घाट उतारने का भी आरोप है। वारदात करीब एक साल पुरानी है। इतना ही नहीं बल्कि पुलिस का कहना है कि कई और वारदातों का भी वह हिस्सा रहा है।
कड़ाई से की गई पुलिसिया पूछताछ में उगले कई अहम राज
यह नक्सली इलाके में दहशत फैलाने ग्रामीणों के सामने की वारदातों को अंजाम दिया करता था। बड़ेगुडरा के कवासी पारा के रहने वाले बामन कवासी ने पुलिस पर फायरिंग व सड़क खोदने जैसी घटनाओ में खुद को शामिल होने की बात भी पुलिस के सामने कही है। कड़ाई से पूछताछ में उसने कई अहम राज पुलिस को बताये हैं। पुलिस का कहना है उसकी बताई कहानी से कई और माओवादी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में आएंगे। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। यहां से उसे जेल भेजा गया।
एक साल पहले घर में घुसकर की थी ग्रामीणों की बेदम पिटाई
एक साल पहले धनीकरका गांव को माओवादियों ने घेर लिया था। घर में घुसकर ग्रामीणों की बेदम पिटाई की थी। माओवादियों का आरोप था पुलिस समर्थन के लिए ग्रामीणों ने उनका विरोध किया, पूरी रात माओवादियों ने उपद्रव मचाया था। फिर दरिंदगी दिखाते हुए दहशतजदा ग्रामीणों के सामने ही शामू मंडावी की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस का लगातार चल रहा अभियान
गौरतलब है कि जिले के अंदरूनी इलाकों में पुलिस पार्टी द्वारा लगातार ही ऐसे अभियान चलाकर नक्सलियों को गिरफ्तार करने व मार गिराने में सफलता हासिल कर रही है। वहीं नक्सली भी अपनी कायरना हरकतों से बाज नही आ रहे हैं और लगातार ही अपनी सक्रियता महसूस करवा रहे हैं। फिलहाल कुछ ही महीनों में संभागभर में कई नक्सलियों का खात्मा व गिरफ्तारी के बाद से बड़े नक्सली बौखलाए हुए हैं।