
दंतेवाड़ा. महिला इंस्पेक्टर के आवास में आदिवासी युवती के साथ अनाचार का आरोपी आरक्षक माधव सिंह फरार है। इस मामले को एक पखवाड़ा से भी ज्यादा समय हो गया है। फरार आरक्षक का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस सूत्रों की माने तो पीडि़ता के आवेदन पर जब मामला दर्ज हुआ, उस दिन आरक्षक माधव सिंह थाने में मौजूद था। पुलिस को भरोसा था जब उसे बुलाया जाएगा वह थाना पहुंंच जाएगा। अनाचार का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस को भरोसा दिला कर वह रफूचक्कर हो गया।
कोई सुराग नहीं लग सका
अब पुलिस सिर्फ उसे खोजने के लिए खाक छान रही है। लोकेशन ट्रेस से लेकर सगे सबंधियों से भी पूछताछ की जा चुकी है। उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। सूत्रों के मुताबिक जिस दिन एफआईआर हुई उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया जाता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। इसी तरह कोतवाली थाना में दर्ज एक और आरक्षक जुगेश पैकरा अनाचार का आरोपी है। इसकी भी तलाश के नाम पर पुलिस महज खाना पूर्ति करने में लगी हुई है। इस आरक्षक को जब यह भनक लगी थी कि उसके खिलाफ एफआईआर होने जा रही है, तो वह पुलिस लाइन में आरआई को आवेदन देकर पांच दिन की छुट्टी पर चला गया। इसके बाद वह लौट कर नहीं आया है। इन दोनों ही मामले के आरोपी आरक्षकों को पुलिस नही पकड़ सकी। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारी के घर में हुआ था अनाचार
आदिवासी युवती से मामला जुड़ा होने के चलते इस प्रकरण की जांच पुलिस का डीएसपी रैंक का अधिकारी कर रहा है। चौंका देने वाली बात है कि युवती के साथ घिनौना कृत्य हुआ वो भी महिला इंस्पेक्टर के घर में। इसके बाद भी आरोपी की धरपकड़ में पुलिस को इतना वक्त लग रहा है। करीब 20 दिन गुजर चुके है। महिला अधिकारी के आवास में इस कृत्य को अंजाम देने में जरा भी भय नही लगा।
दोनों आरक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों आरोपी आरक्षकों की तलाश जारी है। इन दोनों पर एफआईआर के बाद सस्पेंशन की कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि सस्पेंशन ऑर्डर पुलिस लाइन में अधिकारियों के पास पहुंच चुका है। इधर आरक्षक जुगेश पैकरा के पांच दिन की छुट्टी भी पूरी हो चुकी है लेकिन उसने अपनी आमद नहीं दी है। फिलहाल दोनों आरक्षकों फरार है।
शिव सेना के जिला प्रमुख सौंप चुके है ज्ञापन
इस मामले की गंभीरता को लेकर शिव सेना के जिला प्रमुख महेश स्वर्ण ने गीदम थाना पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा था। शिव सैनिक भी इस कृत्य से खासे नाराज थे। चौतरफा हो रही पुलिस की आलोचना के बाद माधव सिंह को पुलिस खोजने में नाकाम रही है। अब और भी सामाजिक संगठन इस मामले को लेकर सड़क पर उतरने की बात कर रहे हैं।
गीदम थाना प्रभारी परमानंद ठाकुर ने बताया कि आरक्षक माधव सिंह की तलाश जारी है। अभी कोई सुराग नहीं लगा है। आरक्षक पर सस्पेंशन की कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कर दी गई है। यह पत्र पुलिस लाइन में पहुंच चुका है।