
बस्ती. जयश्री राम नारे के नाम पर देश भर में हंगामा मचा है। कुछ हिंदूवादी संगठनों पर इस नारे को लेकर हिंसा करने का भी आरोप लगा है, मगर यूपी के बस्ती में एक अलग ही मामला सामने आया है। यहां दबंगों ने मंदिर के पुजारी पर जय भीम नारे लगाने के लिये दवाब बनाया, मगर जब पुजारी ने इनकार किया तो फायरिंग कर जान लेने की कोशिश की गई। पीड़ित ने पुलिस के आलाधिकारियों से गुहार लगाई है।
नगर थाना क्षेत्र के पोखरा हनुमानगढ़ी के महंत नागा गिरजेश दास महाराज के परिसर में रखा पोल ले जाने के लिए बनकटिया गांव के लगभग आधा दर्जन गांव के दबंग युवक मंदिर परिसर में पहुंचे और पोल ले जाने लगे। बिजली पोल को ले जाता देख मंदिर के महंत ने आपत्ति जताई, यह बात उन दबंगों का नागवार गुजरी और मंदिर परिसर में ही महंत की पिटाई कर दी और वहां से फरार हो गए।
पीड़ित महंत ने इस बात की सूचना थाने पर दी, पर थाने पर भी कोई सुनवाई नहीं की गयी, जब यह बात महंत ने ग्रामीणों को बताई तो ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद थानेदार ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर दबंगों ने मंदिर परिसर में जा कर फिर महंत की जमकर पिटाई कर दी और असलहे दिखा कर बाबा से जय श्री राम की जगह जय भीम बोलने का दबाव बनाने लगे, ग्रामीणों को आता देख दबंग वहां से फरार हो गए।
पीड़ित महंत थाने पर इंसाफ न मिलने पर उच्चाधिकारियों के यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ दबंगों ने उन पर फायरिंग का प्रयास किया और उनसे असलहे के बल पर जय श्री राम की जगह जय भीम बोलने का भी दबाव बनाया। इस बात की सूचना थानेदार को दी गयी पर कार्रवाई के बजाय थानेदार ने मेरे साथ अभद्रता की, मुझे वहां से धमकी देखकर भगा दिया।
घटना के बावत अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि महंत गिरजेश दास ने शिकायत की थी और उनकी तहरीर पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है, अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है अगर किसी तरफ की धमकी या फायरिंग की बात आ रही है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी, अगर थानेदार ने अभद्रता की है तो उसकी जांच सीओ कलवारी से करवाई जाएगी और दोष सिद्ध होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
BY- SATISH SRIVASTAVA