कहा- भाजपा भगौड़ा पार्टी है और वह राम का नाम लेकर केवल सत्ता में आती है और फिर मंदिर बनाने के सवाल पर भाग जाती है।
बस्ती. शिवसेना सांसद कृपाल तुमाने ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर संसद में राम मंदिर निर्माण के लिये भाजपा अध्यादेश नहीं लाती है तो शिवसेना हंगामा करेगी। भाजपा के हिंदुत्व पर सवाल खड़ा करते हुये सांसद ने कहा कि लिब्राहन आयोग के सामने सिर्फ स्वर्गीय बाला साहेब ठाकरे ने ही सीना ठोककर कहा था कि उनके कार सेवकों ने मस्जिद गिराई है, जिस पर उन्हें गर्व है।
राम मंदिर मुद्दे को लेकर बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि भाजपा भगौड़ा पार्टी है और वह राम का नाम लेकर केवल सत्ता में आती है और फिर मंदिर बनाने के सवाल पर भाग जाती है। उन्होंने कहा कि शिवसेना राम मंदिर बनाने के लिये केन्द्र सरकार पर दबाव बनाने के लिये अयोध्या आई है और ये मुद्दा आस्था का है। उन्होंने साफ किया कि शिवसेना किसी प्रकार की कोई राजनीति नही कर रही, क्योंकि उन्हे न तो यूपी मे चुनाव लड़ना है और न ही उनके यूपी मे कोई सांसद या विधायक आज तक हुये हैं।
उन्होंने कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र मे राजनीति कर रही है और उन्हें सिर्फ भगवान राम के मंदिर का निर्माण कराना है। सांसद ने दावा किया कि भाजपा या अन्य किसी भी हिंदुत्व संगठन से बड़ी कोई पार्टी है तो वह शिवसेना ही है, जो आज से नहीं बल्कि 1990 से ही हिंदुओं के लिये लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत मे रहकर अगर कोई हिंदुओं के लिये सोचता और करता है तो वह शिवसेना है। हमारी पार्टी महाराष्ट्र में पूर्वोत्तर भारतीय के बदौलत ही 30 साल से सत्ता में काबिज है। 1990 के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाडी ने रथ यात्रा निकाली तब से आज तक राम मंदिर के मुद्दे को बीजेपी भुनाते आ रही है।
BY- SATISH SRIVASTAVA