शुक्रवार को बस्ती जिले में दिनदहाड़े लूट की घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बेखौफ बदमाशों ने गल्ला व्यापारी के ऑफिस से तीन लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। कर्मचारियों ने जब विरोध किया तब बदमाशों ने हवा में असलहा लहराते हुए दहशत फैला दिए।
बस्ती जिले में शुक्रवार को दिन दहाड़े व्यापारी से लाखों की लूट की घटना के बाद जिले में हड़कंप मच गया। ताज्जुब की बात है कि हंडिया पुलिस चौकी के पास ही लूट की घटना हुई। सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने एक दिन पहले ही व्यापारी की दुकान की रेकी की थी। अगले दिन दो बदमाश बाइक से आए और असलहा दिखाकर 2.98 लाख रुपए लूट लिए। भागने के दौरान बदमाशों का एक तमंचा और मोबाइल गिर गया, इस बीच भीड़ इकट्ठा होने लगी तब बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
लुट की घटना शुक्रवार दिन में ग्यारह बजे की है। पंकज कुमार शुक्ला धान, गेहूं व अन्य अनाज के खरीद का कारोबार करते हैं। उनका कार्यालय पॉलिटेक्निक चौराहे पर है। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर पर थे। कार्यालय में कर्मचारी अनमोल चौधरी मौजूद था। अनाज खरीद के नाम पर दिन में 11 बजे पहुंचे पल्सर सवार दो लोगों ने दरवाजा खुलवाया और कार्यालय के अंदर घुस गए। इसके बाद एक बदमाश ने 315 बोर का देसी तमंचा तथा दूसरे ने पिस्टल लगा दिया। बदमाशों ने काउंटर में रखा 2.98 लाख निकाल लिया।
यह घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के NH 28 पर स्थित बाबा ढाबा के पास हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एसपी अभिनंदन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जिले में दिन दहाड़े लूट की इस घटना से आसपास काफी अफरा तफरी मची रही।