ब्यावर

Big issue: वसूली ज्यादा, लेकिन तीस रुपए तक का मिल रहा टिकट

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Feb 26, 2019
roadways bus
bus

सुनिल जैन/ब्यावर.

राजस्थान रोडवेज बसों में परिचालकों को दी गई ईटीएम मशीनों में से अधिकांश खराब पड़ी हैं और ऐसे में परिचालक मेन्युअल टिकट काटने को मजबूर हैं। इसमें ज्यादा किराया वसूलने के बाद भी परिचालक टिकट तीस रुपए तक का ही जारी कर रहे हैं और नि:शुल्क या रियायत वालों को भी परिचालक निर्धारित श्रेणी का टिकट नहीं दे रहे हैं। इसका कारण रोडवेज परिचालकों के पास पर्याप्त स्टेशनरी का नहीं होना है।

रोडवेज की ओर से टिकटों के लिए अलग-अलग श्रेणी निर्धारित की गई है और उसी के अनुरूप परिचालकों को मेन्युअल टिकट की स्टेशनरी दी जाती थी। इसमें तीस रुपए तक का टिकट, पचास रुपए तक का टिकट, पिच्चेतर रुपए तक का टिकट और पिच्चेतर रुपए से ज्यादा का टिकट के साथ विभिन्न रियायत व नि:शुल्क श्रेणी के लिए लाल, पीले, हरे व सफेद रंग के अलग से टिकट थे, लेकिन ईटीएम मशीनें दिए जाने के बाद मेन्युअल स्टेशनरी से ध्यान देना कम कर दिया। इससे श्रेणीवार टिकट का स्टॉक पर्याप्त नहीं रहा। अब जब मशीनें खराब हो गई हैं तो इनका उपयोग बढ़ गया लेकिन स्टॉक पर्याप्त नहीं है। ऐसे में भले ही किराया पचास हो या सौ रुपए, या फिर इससे ज्यादा, सभी को तीस रुपए तक के टिकट ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही रियायत व नि:शुल्क यात्रा करने वालों को भी निर्धारित श्रेणी का टिकट देने के बजाय जिस श्रेणी का टिकट उपलब्ध है, वही परिचालक की ओर से दिया जा रहा है।

नई मशीन से मिलेगी राहत
प्रदेश के सभी आगार में ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) उपलब्ध कराई थी। जिसका करार समाप्त हो गया है और इनमें से अधिकांश मशीनें खराब पड़ी है। वहीं मुख्यालय की ओर से नोएडा की नई कम्पनी से जो करार किया गया है, उसकी ओर से जो नई ईटीएम मशीन उपलब्ध करवाई जा रही है, उसमें एटीएम कार्ड के स्वाइप करने की सुविधा भी होगी। जिससे यात्रा के दौरान नकदी के अभाव में यात्री एटीएम के जरिए टिकट प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यालय की ओर से यह सुविधा मार्च के अन्त तक शुरू करने की योजना है।

परिचालकों का प्रशिक्षण शुरू

नई मशीन के संचालन को लेकर ब्यावर आगार में कम्पनी के प्रतिनिधियों ने पहुंच कर परिचालकों को प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशिक्षक बरकत अली ने बताया कि नई मशीन टच स्क्रीन है। जिसका प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले 20 परिचालकों को प्रशिक्षण दिया है। यह प्रशिक्षण आगामी दिनों तक संचालित किया जाएगा। जिसमें आगार के 200 कर्मचारी जिसमें चालक, परिचालक के साथ काउण्टर पर बैठे कर्मचारियों को भी जानकारी दी जाएगी।


पहले ईटीएम मशीनें थी तो मेन्युअल टिकट स्टेशनरी का ज्यादा उपयोग नहीं होता था। अब मशीनें खराब हो गई लेकिन स्टेशनरी का पर्याप्त स्टॉक नहीं मिल रहा है, इसलिए मौजूद स्टेशनरी से काम चला रहे हैं। जल्द ही नई ईटीएम मशीनें मिल जाएगी, उसके बाद कोई परेशानी नहीं होगी।

रघुवीरसिंह राजावत, मुख्य प्रबन्धक, रोडवेज आगार ब्यावर

Published on:
26 Feb 2019 09:03 pm