
जालिया द्वितीय ग्राम में पानी की टंकी पर मौजूद ग्रामीण, photo patrika
Mining Dispute Rajasthan: ब्यावर में बिजयनगर के समीपवर्ती जालिया द्वितीय गांव में खारी नदी में बजरी खनन का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। खनन लीज निरस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान चार पुरुष और दो महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ गए तथा प्रशासन से बजरी खनन लीज समाप्त करने की मांग पर अड़े रहे।
बारिश के बावजूद आंदोलनकारी पानी की टंकी पर जमे रहे। शुक्रवार सुबह 6 में 3 लोग प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के लिए टंकी से नीचे उतर गए जबकि 3 लोग अब भी पानी की टंकी पर जमे हुए है। मसूदा एसडीएम दीपशिखा और डीएसपी शिवराज सिंह मौके पर वार्ता के लिए पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। मौके पर अभी वार्ता जारी है।
जानकारी के अनुसार, खारी नदी में बजरी खनन का विरोध कर रहे ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलनरत हैं। बुधवार को प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत होता नजर आया, लेकिन गुरुवार शाम को गौरीशंकर, राजेंद्र कुमार, रामस्वरूप, मनीष कुमार, मीरा देवी और पार्वती देवी पानी की टंकी पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन गांव की भावना के अनुरूप बजरी खनन लीज समाप्त करने का निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों से क्षेत्र के पर्यावरण और जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए लीज निरस्त की जानी चाहिए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी सतर्क रहा। ग्रामीणों के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बिजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और एहतियात के तौर पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आंदोलन जारी है और प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से लगातार संवाद का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि टंकी पर चढ़े चार जनों में से एक गौरीशंकर बुधवार को भी पानी की टंकी पर चढ़ गया था, जिसे रात 9 बजे समझाइश के बाद नीचे उतारा जा सका।
खारी नदी से राज्य सरकार ने बजरी खनन को लेकर एलओआई (लीज) जारी की है। इसके बाद खारी नदी के तलहटी क्षेत्र में भीलवाड़ा जिले के कानिया, खारी का लांबा, मुरायला, पार्टियों का खेडा व गिरवर के साथ ही ब्यावर जिले के सबसे बड़े जालिया द्वितीय, आसन, सूतीखेडा गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। जालिया द्वितीय अस्पताल के पास ग्रामीण बीते 26 जून से
आंदोलनरत हैं।
Published on:
03 Jul 2026 02:22 pm
