
पत्रिका न्यूज नेटवर्क ब्यावर.
शहर में हल्की बूंदाबांदी व रिमझिम के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते कई दिनों से मौसम साफ रहने के बाद बुधवार सुबह से बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चली। दोपहर में कई बार हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर दो बजे करीब पांच मिनट के लिए रिमझिम बरसात हुई। आस पास के क्षेत्र में भी रिमझिम व बूंदाबांदी के समाचार मिले। मौसम में हुए बदलाव से गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली लेकिन ठंड से ठिठुर गए। बीते करीब एक सप्ताह से सर्दी का असर कुछ कम होने लगा और लोग गर्मी महसूस करने लगे।
बुधवार को सुबह से ही मौसम ने पलटा खाया और इस दौरान छाए रहे बादल व चली ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। दोपहर में रूक-रूक कर हल्की बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। इस दौरान सडक़ों से पानी बह निकला और निचले इलाकों में पानी भर गया। लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही। घरों से बाहर लोग छाता लेकर निकले। कृषि विभाग के अनुसार बरसात से खड़ी फसलों को फायदा मिलेगा। बरसात व रिमझिम के कारण दिनभर मौसम खुशनुमा रहा।
ठंडी हवा चली, ठिठुरन बढ़ी
शहर में मंगलवार को बादल छाए रहने से अचानक मौसम पलट गया। ठंडी हवाए चलने से सर्दी बढ़ गई। सुभाष उद्यान सहित आस-पास के क्षेत्रों में लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाई। दिन में बूंदाबांदी शुरू होने एवं ठंडी हवा के चलते बाजार सूने-सूने नजर आए। सडक़ों पर यातायात भी कम हो गया। इससे गेहूं, जौ सहित अन्य फसलों को फायदा होगा। इससे काश्तकारों को राहत मिलेगी।