
बेमेतरा. सहसपुर के तेरहवीं सदी के प्राचीन शिवहनुमानमंदिर अरसे से उपेक्षा का शिकार हो रहा है। संस्कृति व पुरातत्व विभाग द्वारा सूचीबद्ध किए जाने के बाद भी ऐतिहासिक स्थल को उपेक्षा का दंश झेलना पड़ रहा है। हालत यह है कि ग्रामीणों को आगे आकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सुध लेने की बात कहना पड़ रहा है।
बताना होगा कि उपेक्षा का दंश झेल रहे जिले के प्राचीन धरोहरों से लोगों को परिचित कराने की जरूरत है। ऐसे ही प्राचीन धरोहरों में से एक जिले के साजा विकासखंड के ग्राम सहसपुर में शिवमंदिर व बजरंगबली मंदिर एक ही परिसर में है। मंदिर का निर्माण फणिनागवंशी राजाओं के काल में 13 वीं से 14 वीं सदी में किया गया था।
नागरशैली में बने पूर्वामुख मंदिर को वास्तुकला के विशेष स्मारकों में से एक माना गया है। पुरात्व विभाग के रिकार्ड में मंदिर को अच्छी स्थिति का बताया गया है। ग्राम के उपसरपंच किशन लाल साहू, जनपद सदस्य प्रमिला महिलांगे, सुंदर लाल पाटिल, राकेश साहू, तोपसिंह राजपूत व अर्जुन ठाकुर का कहना है कि पर्यटन मंत्री दयाल दास बघेल के जिलावासी होने के कारण क्षेत्र के विकास की उम्मीदें हैं।
इस संबंध में उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंप महाशिवारात्रि पर 3 दिवसीय महोत्सव के आयोजन की मांग की है। महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैलेगी। साजा के विधायक व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना ने भी ग्रामीणों के समर्थन में आवेदन में अपनी बात कही है।
ग्राम सरपंच डॉ. कमलेश के अनुसार मंदिर को पुरातत्व विभाग द्वारा वर्ष 1965 से सूची में शािमल किया गया है। लेकिन मंदिर व आसपास में किसी तरह का विकास कार्य नहीं किया गया। ना ही उत्थान के लिए कदम उठाया गया है।
जिम्मेदार विभाग द्वारा गामीणों को भी मंदिर के लिए कदम उठाने से मना कर दिया गया है, यहां तक पुरातत्व विभाग भी कुछ नहीं कर रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि सहसपुर को लेकर प्रकिया का जानकारी नहीं है। ग्राम पंचायत से प्रस्ताव आएगा तो इस दिशा में प्रयास किया जाएगा।