
Bemetara Crime News: सड़क पर स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाना चार युवकों को भारी पड़ गया। चलती कार के दरवाजों से बाहर निकलकर छत पर सवार होकर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने के मामले में बेमेतरा पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। (Chhattisgarh News) पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे मेन रोड पर कार क्रमांक CG 04 RA 4915 बेमेतरा से सिमगा की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार चालक वाहन को तेज, उपेक्षापूर्वक और खतरनाक ढंग से चला रहा था। कार में सवार दो युवक दोनों दरवाजों से बाहर निकलकर छत पर चढ़ गए थे। इस खतरनाक स्टंट से सड़क पर चल रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान पर बन आई। हालांकि, इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मामले की रिपोर्ट पर थाना बेमेतरा में धारा 281, 125 बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 123(1), 123(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन चालक कामेन्द्र घृतलहरे (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना में तीन अन्य साथियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कामेन्द्र घृतलहरे, अमन बंजारे (25), मोहित कुमार घृतलहरे (22) और तरूण कुमार घृतलहरे (19) के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।
बेमेतरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चलती कार की छत, दरवाजे या किसी बाहरी हिस्से पर बैठना जानलेवा हो सकता है। सड़क पर स्टंट केवल अपनी नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डालता है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और खतरनाक ड्राइविंग से बचने की अपील की है।