10 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bemetara News: गणेश चतुर्थी पर प्रशासन का बड़ा फैसला, डीजे बजाने से पहले जान लें ये नियम

Bemetara News: गणेश चतुर्थी को लेकर प्रशासन ने डीजे, पंडाल और गणेश प्रतिमा के नियम तय किए हैं। जानें डीजे बजाने और आयोजन से जुड़े जरूरी नियम।
2 min read
Google source verification
Bemetara Ganeshotsav

गणेश चतुर्थी पर डीजे को लेकर बड़ा फैसला (Photo Patrika)

Bemetara Ganeshotsav: आगामी गणेश चतुर्थी और अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के लिए बुधवार को पुराना रेस्ट हाउस में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, ध्वनि प्रदूषण, सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया। साथ ही नागरिकों और गणेशोत्सव समितियों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई। बैठक कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में हुई। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

डीजे और साउंड सिस्टम के लिए नियम तय

बैठक में गणेशोत्सव के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्णय लिया गया। एसडीओपी भूषण एक्का ने कहा कि अत्यधिक तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोजकों को ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करने और इस बात का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए कि उत्सव के कारण आसपास के लोगों को परेशानी न हो। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की समस्या या विवाद की स्थिति में लोग तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।

सड़क पर नहीं बनेंगे गणेश पंडाल

शांति समिति की बैठक में सड़कों पर पंडाल नहीं बनाने का फैसला भी लिया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखना है। समितियों को पंडाल के लिए ऐसी जगह का चयन करने के लिए कहा गया, जिससे यातायात बाधित न हो और आपात स्थिति में आने-जाने का रास्ता खुला रहे। प्रशासन ने उपद्रव, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

सिर्फ मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की अनुमति

गणेशोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इस वर्ष केवल पर्यावरण अनुकूल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति दी जाएगी। आयोजकों से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा स्थापना और विसर्जन की व्यवस्था करने की अपील की गई।

पंडाल के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन जरूरी

प्रशासन ने गणेशोत्सव समितियों को पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आयोजकों को अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करना और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती भी करनी होगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति जरूरी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि गणेशोत्सव या अन्य पर्व के दौरान होने वाले सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। आयोजन समिति को अपने सदस्यों की सूची संबंधित थाने में जमा करनी होगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बना रहे।

पेयजल बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर

अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान पेयजल, बिजली, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि बेमेतरा जिला हमेशा से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी गणेशोत्सव समितियों और नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की।

बड़ी खबरें

View All

बेमेतरा

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग