
बेमेतरा. शहर में डेंगू के नए मरीजों का मिलने का क्रम जारी है। सोमवार को शहर में डेंगू के तीन नए संभावित मरीज का पता चला, जिन्हे उपचार के लिए रायपुर व बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके साथ जिले में अब तक डेंगू के 6 संभावित मरीज मिले चुके हैं, जिसमें 4 का इलाज जारी है। एक का एलाइजा रिपोर्ट निगेटिव आया, वहीं एक मरीज को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
भिलाई में कर रहे कोचिंग
सोमवार को बेमेतरा शहर के दो और नवागढ़ के एक युवक के डेंगू के संभावित मरीज होने की जानकारी मिली, तीनों भिलाई में रहकर कोचिंग कर रहे हैं, इनमें से बेमेतरा की रहने वाली एक छात्रा का इलाज बिलासपुर में और बेमेतरा शहर में रहने वाले एक छात्र का इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। नवागढ़ के रहने वाले छात्र की ब्लड रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है।
स्वास्थ्य अमला पहुंचा जानकारी लेने
शहर के मोहभट्ठा रोड इलाके की रहवासी छात्रा के ब्लड रिपोर्ट के आधार पर डेंगू के संभावित मरीज होने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग का अमला मरीज के परिजनों से रिपोर्ट लेने पहुंचा। रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद परिजनों को सावधानी बरतने कहा गया, वहीं आसपास के इलाके में दवा का छिडक़ाव कराया गया है। वहीं दूसरा संभावित बिजली ऑफिस के करीब रहने वाला है, जिसका इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में जारी है।
जिला अस्पताल में नहीं डेंगू वार्ड
जानकारी हो कि डेंगू केा लेकर शासन से निर्देश जारी होने के बाद भी जिला अस्पताल में डेंगू के मरीजों के प्राथमिक उपचार के लिए अलग से वार्ड नहीं बनाया गया है, जहां स्ंाभावित मरीजों को मच्छरों से बचाकर इलाज किया जा सके। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ एसके पाल ने बताया कि सामान्य वार्ड में ही मरीजों को रखा जाएगा। मरीज आने पर मच्छरदानी की भी व्यवस्था कर ली गई है।
किया जा रहा नुआन का छिडक़ाव
बेमेतरा नगर पालिका सीएमओ मोहेन्द्र साहू ने बताया कि शहर के प्रत्येक वार्ड के लिए योजना बनाकर प्रत्येक घर में दवा का छिडक़ाव कराया जा रहा है। वहीं लोगों के घरों में जाकर नगर पालिका के कर्मचारी कूलर का पानी निकाल रहे हैं। इसके अलावा मुनादी कर कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। वार्ड 7 में दोबारा दवा का छिडक़ाव कराया जाएगा।
स्कूल में फूल ड्रेस से हटाई पाबंदी
बेमेतरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरुण खरे ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए स्कूलों में बच्चों को हाफ पेंट-शर्ट पहनने की बाध्यता को शिथिल किया गया है। स्कूल में फूल ड्रेस पहनकर आने पर बच्चों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके अलावा बच्चों को पीने के लिए गर्म पानी दिया जाएगा। इस संबंध में आदेश मिलने के बाद स्कूल प्रभारियों को सूचना दे दी गई है।
3 वार्डों में लगाया जाएगा शिविर
डेंगू को लेकर सावधानी बरतते हुए शहर के तीन वार्डों में स्वास्थ्य विभाग शिविर लगाने जा रहा है। इनमें वार्ड 5, 6, 7 में 22 अगस्त, 24 अगस्त व 26 अगस्त को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, जहां वार्ड वासियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
जिले में मिले डेंगू के संभावित मरीज
| नाम | पता | उम् | स्थिति |
| नरेश कुमार साहू | ग्राम पतोरा | 19 साल | इलाज जारी |
| नरेन्द्र साहू | डंगनिया | निगेटिव रिपोर्ट | |
| कृष्ण रंजन शर्मा | देवकर | 18वर्ष | इलाज के बाद ठीक |
| अर्चित शर्मा | बेमेतरा | 18 वर्ष | इलाज जारी |
| व्यास | बेमेतरा | 18 वर्ष | इलाज जारी |
| आयुष कुमार | नवागढ़ | 19 वर्ष | इलाज जारी |
(जिला स्वास्थ विभाग से मिली जानकारी के अनुसार)
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में मिले जिले के डेंगू के सभी संभावित मरीज बाहर से आए हुए हैं, जिनकी बीमार होने के बाद कराया गया रेपिड टेस्ट पॉजीटिव पाया गया है। इनमें से तीन मरीज भिलाई से प्रभावित होकर जिले में वापस आए हैं, जिनका दीगर शहर के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वहीं सिरम जांच के लिए सेंपल लिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।