14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जिंदा हूं साहब… फिर भी सरकारी रिकॉर्ड में मर चुकी हूं! 4 महीने से राशन के लिए भटक रही वृद्धा, बेमेतरा का मामला

Elderly Woman Declared Dead: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सरकारी सिस्टम की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जीवित वृद्ध महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया है। इसके चलते पिछले चार महीने से उसे राशन नहीं मिल रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बेमेतरा

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 14 Nov 2026, 10:46 AM IST

Chhattisgarh News

राशन के लिए भटक रही वृद्धा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh Ration Card News: सरकारी सिस्टम की लापरवाही ने एक जीवित वृद्धा को कागजों में मृत घोषित कर दिया है। इसका खामियाजा ग्राम अंधियारखोर निवासी जेठिया बाई को भुगतना पड़ रहा है। पिछले चार महीने से राशन के लिए भटक रही वृद्धा को अब तक न तो चावल मिला और न ही उसकी समस्या का समाधान हो सका है। राशन दुकान से लेकर सरकारी दफ्तरों तक चक्कर काटने के बाद भी निराशा हाथ लगने पर उसने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां से भी उसे समाधान के बजाय एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय जाने की सलाह मिलती रही।

वृद्धा के मुताबिक, जब वह अपना राशन कार्ड लेकर चावल लेने पहुंची तो उसे बताया गया कि सरकारी रिकॉर्ड में उसकी मृत्यु हो चुकी है। इसलिए अब राशन नहीं मिल सकता। उसे कथित तौर पर जन्म प्रमाणपत्र लाने और पोर्टल खुलने के बाद सुधार होने की बात कही गई। इस पर नाराज जेठिया बाई ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकारी रिकॉर्ड में उसे मृत घोषित कर दिया गया है तो उसे मृत्यु प्रमाणपत्र ही दे दिया जाए, ताकि वह लोगों को स्वर्ग में होने का प्रमाण दिखा सके। वृद्धा का कहना है कि नवागढ़ और अंधियारखोर के बीच आते-जाते वह थक चुकी है।

राशन और धान खरीदी में गड़बड़ी का आरोप

इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी की जिलाध्यक्ष भारती गंधर्व ने भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी को पत्र लिखा है। उन्होंने उन्हें बेमेतरा जिले का दौरा कर जमीनी हकीकत देखने का न्योता दिया है। भारती गंधर्व का आरोप है कि राशन कार्ड से करीब 20 प्रतिशत लोगों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं। सुधार की प्रक्रिया में तीन से चार महीने लग रहे हैं और इस दौरान वंचित परिवारों को बाद में छूटा हुआ राशन भी नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 20 प्रतिशत किसानों का रकबा कम कर दिया गया है, वहीं कई किसानों की फसल संबंधी प्रविष्टियों में भी बदलाव किया गया है। नवागढ़ तहसील कार्यालय में सुधार के लिए किसान लगातार भटक रहे हैं। उन्होंने स्मृति ईरानी से राजधानी में बैठकर जानकारी लेने के बजाय गांवों और सरकारी कार्यालयों का दौरा कर वास्तविक स्थिति देखने की अपील की है।

जांच कराने का आश्वासन

इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने कहा, "जेठिया बाई को राशन किस कारण से नहीं मिल रहा है, इसकी जांच कराता हूं।" अब देखना यह है कि जांच के बाद वृद्धा को कब तक राशन मिल पाता है और सरकारी रिकॉर्ड में उसे जीवित दर्ज कराने की प्रक्रिया कितनी जल्दी पूरी होती है।