
बेमेतरा/अंधियारखोर. आज के डिजिटल इंडिया कैश लेश और क्लीन भारत के दौर में भी एक परिवार पेड़ के नीचे गुजर-बसर करने को मजबूर है। व्यवस्था पर लालफीताशाही इस कदर हावी है कि जानकारी होने के बाद भी जिम्मेदारों को बाल-बच्चेदार वाले इस परिवार की परवाह नहीं है।
पत्नी के साथ बेचते हैं झाड़ू
जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग पर स्थित ग्राम झालम में संतोष मालिया (40 वर्ष) पिता स्व. बरतरिहा मालिया अपनी पत्नी उत्तरा और बच्चों के साथ पेड़ के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है। अपनी पत्नी के साथ झाड़ू बेचकर गुजर-बसर करने वाले संतोष की स्थिति यह है कि जिस दिन झाड़ू नहीं बिका तो परिवार के साथ भूखे पेट ही सोना पड़ता है।
प्रशासनिक उदासीनता से वंचित सुविधाओं से
संतोष मालिया पारधी समुदाय से जुड़े हुए हैं, जिन्हें सरकार तमाम मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराती है। लेकिन कई जगह प्रशासनिक उदासीनता से उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। पारधी समुदाय पहले के समय में शिकार करने का कार्य करता था, लेकिन वर्तमान में झाड़ू बेचना इनका मुख्य व्यवसाय है।
पिता की मृत्यु के साथ रद्द हुआ राशन कार्ड
संतोष बताता है कि पिता की मृत्यु के बाद से राशन कार्ड रद्द हो गया है। सरपंच और सचिव नया राशन कार्ड नहीं बना रहे हैं, और न ही अटल आवास दिया जा रहा है। पिता बरतरिहा की बनाई झोपड़ी पर पहले पूरा परिवार उसी में गुजर बसर करता था, लेकिन पिता की मृत्यु के बाद संतोष मालिया ने छोटे भाई अशोक की शादी की और झोपडी उसे दे दी, और खुद परिवार के साथ पेड़ के नीचे रहने लगा।
सरपंच व सचिव नहीं सुनते बात
संतोष मालिया और पत्नी उत्तरा मालिया ने बताया कि अटल आवास और राशन कार्ड के लिए कई बार सरपंच और सचिव को निवेदन किया, लेकिन वे उनकी बात नहीं सुनाते हैं। लिहाजा आज तक उनका न तो राशन कार्ड बन पाया है, और न ही अटल आवास की छाया है। संतोष कहता है कि अनपढ़ होने के कारण उसे शासकीय प्रक्रिया की ज्यादा जानकारी नहीं है।
देखना पड़ेगा रिकार्ड
संतोष मालिया के परिवार की स्थिति से जिला पंचायत सीईओ एस आलोक को अवगत कराने के बाद व्यवस्था को लेकर सवाल पूछने पर उन्होंने मानवीय और नैतिक जिम्मेदारी से बचते हुए यह कहकर पल्ला झाड़ दिया कि ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत में बात कीजिए। वर्ष 2011 का रिकार्ड देखना पड़ेगा। आवास के लिए पहले पंचायत प्रस्ताव करती है, फिर दिल्ली से नाम फाइनल होकर सूची आती है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
ग्राम झालम की सरपंच प्रेमिन आधार यादव कहती हैं कि संतोष मालिया अपने पिता की मृत्यु के बाद गांव से पलायन कर दिया था। साल भर बाद फिर आया है, उससे जल्द फार्म भरवा कर राशन कार्ड और अटल आवास की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। वहीं पंचायत सचिव रुकमणी धृतलहरे का कहना है कि संतोष एक बार आया था, उसे फार्मेल्टी लाकर जमा करने बोली हूं। आवास और राशन कार्ड फार्म की प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द ही दिया जाएगा।