साजा ब्लॉक के ग्राम बोरतरा जनसमस्या निवारण शिविर में संसदीय सचिव ने परपोड़ी कॉलेज में एक जुलाई से कक्षा शुरू होने की घोषणा की।
बेमेतरा. परपोड़ी नगर पंचायत मुख्यालय में एक जुलाई से कॉलेज की कक्षाएं प्रारंभ होगी। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय स्वयं मौजूद रहेंगे। यह बात शुक्रवार को साजा विकासखंड के ग्राम बोरतरा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक लाभचंद बाफना ने लोगों को संबोधित करते हुए कही।
आईटीआई को बनाएंगे मॉडल
संसदीय सविच ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पिछले साढ़े चौदह वर्षों के दौरान आम जनता की भलाई के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री स्वयं जनता की समस्याओं से रू-ब-रू होने के लिए लोक सुराज अभियान, ग्राम सुराज अभियान एवं विकास यात्रा के जरिए लोगों के बीच पहुंच रहे है। उन्होंने बताया कि आईटीआई को मॉडल आईटीआई के रूप में विकसित करने के लिए फैकल्टी बढ़ाई जा रही है।
आबादी पट्टे का किया वितरण
शिविर के दौरान बाफना ने नवप्रवेशी स्कूली बच्चों का मुंह मीठा एवं तिलक लगाकर शाला प्रवेश कराया। शिविर में एक दर्जन महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन प्रदाय किया गया। अनेक लोगों को आबादी पट्टे का वितरण भी किया गया। राजस्व विभाग द्वारा आर.बी.सी. 6-4 के अंतर्गत 11 प्रकरणों में 95 हजार की राशि स्वीकृत की गई।
दूर हुई खारे पानी की समस्या
शिविर में मौजूद कलक्टर महादेव कावरे ने कहा कि अंचल की एक बड़ी समस्या 41 गांवों में खारे पानी की थी, जिसे दूर कर लिया गया है। कमकावाड़ा एनीकट कम काजवे का निर्माण ढ़ाई करोड़ की लागत से किया गया। नर्बदा व्यपवर्तन योजना के तहत 15 करोड़ 73 लाख रुपए से मुख्य नहर एवं लघु नहरों के रिमॉडलिंग, लाइनिंग एवं पक्के कार्यों का निर्माण किया जा रहा है। इससे साजा क्षेत्र के सात गांव कोहकाबोड़, बुधवारा, बासिन, खुरूसबोड़, जामगांव, सोनपांढर एवं देवकर के कुल 1023 हेक्टेयर में अतिरिक्त सिंचाई सुविधा प्रदान की जा सकेगी।
236 आवेदनों का किया निराकरण
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 259 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें अधिकारियों द्वारा मौके पर 236 आवेदनों का निराकरण किया गया। वहीं शेष लंबित 23 आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।