बेमेतरा

एक नोटिस देखकर उड़े इस विकासखंड के हजारों शिक्षाकर्मियों के होश, प्रदेशभर में चर्चा

साजा विकासख्ंाड के शिक्षाकर्मियों से टीडीएस कटौती के नाम पर लाखों की वसूली की शिकायत पर जांच करने के बाद भी मामले मे संलिप्त अधिकारियों पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई है।

3 min read
Feb 13, 2019
patrika
एक नोटिस देखकर उड़े इस विकासखंड के हजारों शिक्षाकर्मियों के होश, प्रदेशभर में चर्चा

बेमेतरा. साजा विकासख्ंाड के शिक्षाकर्मियों से टीडीएस कटौती के नाम पर लाखों की वसूली की शिकायत पर जांच करने के बाद भी मामले मे संलिप्त अधिकारियों पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई है। जानकारी हो कि साजा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वित्तीय वर्ष 2013 से लेकर 2017 में शिक्षाकर्मियों से टीडीएस के नाम पर रकम ली गई थी, जिसे शिक्षाकर्मियों के नाम पर आयकर विभाग में जमा नहीं किया गया था।

मामले की जानकारी प्रभावितों को आयकर विभाग के नोटिस के बाद हुई। जिसके बाद मामले की शिकायत कर जांच की मांग की गई थी। बताना होगा कि पत्रिका ने पूरे मामले को गंभीरता से सामने लाया गया था, जिसमें साजा विकासखंड के 250 शिक्षाकर्मियों से सालाना आयकर के नाम पर कटौती करने के मामले में कार्यरतों से आयकर विभााग में राशि जमा करने बाकायदा फॉर्म 16 एवं समान्य फॉर्म भरवाया गया था इस तरह की प्रक्रिया लगातार 2013-14 और 2014-15 के दौरान की गई थी।

इनकम टैक्स की राशि जमा नहीं की गई थी, पर शिक्षाकर्मियों के खाते से रकम आहरण किया गया था। मामले में लाखों की कटौती की गई थी। मामले में संलिप्तों ने पेनाल्टी भी वसूला था। आयकर के दायरे में आने वाले की सूची तैयार कर सभी शिक्षाकर्मियों को नोटिस जारी कर प्राप्त राशि की रसीद, भुगतान विवरण, भुगतान किया गया हो तो आदेश की प्रति जमा करने के निर्देश देकर उसकी जानकारी विभाग ने मांगी थी। साथ ही शिक्षाकर्मियों से पेनाल्टी भी वसूला गया था।

जिला प्रशासन ने हाथ खींचा, प्रकरण आयकर कमिश्नर के पास
प्रकरण में कार्रवाई को लेकर उदासीनता बरतने पर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत आयकर कमिश्नर टीडीएस भोपाल से बिंदुवार की थी। जिसमें स्थानीय सक्षम अधिकारी के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई नहीं करने की जानकारी देते हुए प्रभावित आयकर दाताओं को दोहरा भार करने की बात कही गई थी।

बीते माह वित्त मंत्रालय से जारी किया गया पत्र
प्रकरण की गंभीरता इसी बात से लगाई जा सकती है कि मामले में 4 जनवरी को आयकर आयुक्त वित्त मंत्रालय ने आयकर अधिकारी को पत्र जारी कर शिकायत में बेमेतरा विकासखंड के संबंधित आहरण संवितरण अधिकारियों बीईओ व सीईओ ने 20013 -14 से लेकर 2017 -18 के दौरान कार्यरत शिक्षक पंचायत संवर्ग के कर्मचारियों के वेतन से टीडीएस कटौती कर फॉर्म 16 जारी किया गया था। जिसके बाद भी सभी शिक्षाकर्मियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जिससे आशंका व्यक्त की गई है कि कटौती करने के बाद विभाग ने टीडीएस जमा करने की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की है या फिर टीडीएस की राशि जमा नहीं की गई है या कम जमा की गई है। जिस पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।

अब भी जारी है इस तरह का खेल
जिले में अब भी शिक्षा विभाग में आयकर कटौती को लेकर कई तरह के खेल हो रहे हैं। जिससे प्रत्येक प्रकरण के लिए 300 रुपए की वसूली की जा रही है। पत्रिका को मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़, बेरला व साजा में आयकर के नाम पर वसूली की जा रही है।

मुझे जांच रिपोर्ट भी नहीं दी जा रही - सिंह
शिकायतकर्ता सत्येंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने कई जिम्मेदारों से जांच रिपोर्ट मांगी है, लेकिन आज तक नहीं दी गई है। मामले में अब उन्होंने आयकर विभाग से शिकायत की है। मामले पर सुर्खियों मे आया विकासखंड शिक्षा कार्यालयों के कारनामों की जांच के लिए तत्कालीन शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार भार्गव ने जांच टीम का गठन कर सुधीर श्रीवास्तव, सुनील सिंह व एबीओ स्तर के कर्मचारी को जांच का जिम्मा सौंपा गया था।

जिसमें शिकायत सही पाए जाने पर पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। इसके बाद पूर्व कलेक्टर बसव राजू एस ने जिला कोषालय अधिकारी बीके देशमुख को बिंदुवार जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जांच अधिकारी ने रिपोर्ट तत्कालीन कलक्टर बसव राजू को सौंप दी थी। इसमें कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।

आयकर विभाग से नोटिस जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार साजा, बेमेतरा, बेरला व नवागढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को कार्यालय में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। जिसमें पेश नहीं होने पर प्रकरण दर्ज किया जा सकता है। बहरहाल आयकर विभाग के हरकत में आने के बाद टीडीएस कटौती का प्रकरण एक बार फिर चर्चा में है। कलेक्टर बेमेतरा महादेव कावरे ने कहा कि मुझे प्रकरण की जानकारी नहीं है। संबंधितों से जानकारी मंगाई जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। मामला जनपद स्तर का है, जहां से जानकारी मंगाई जाएगी।

Published on:
13 Feb 2019 01:20 pm