बेमेतरा

Truck Accident: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ़्तार ट्रक, हेल्पर की मौत. फ्री का सामान उठाने में लगे रहे

Truck Accident: तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रक के हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई

2 min read
May 13, 2026
अनियंत्रित होकर पलटी ट्रक (Photo Patrika)

Truck Accident: बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गर्रा में बीती मध्य रात्रि एक भीषण सडक़ हादसा हुआ। पंजाब से ट्रांसपोर्ट का सामान भरकर बिलासपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गया और सडक़ किनारे पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के हेल्पर 29 वर्षीय करण सिंह उर्फ छोटू की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक राजदीप सिंह सुरक्षित बच गया

ये भी पढ़ें

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में दो बड़े हादसे, 7 लोगों की दर्दनाक मौत, पूरे गांव में दौड़ी शोक की लहर

अचानक सड़क पर आ गई गाय

हादसे के कारणों का खुलासा करते हुए ट्रक चालक राजदीप सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे जब वे गर्रा गांव के पास पहुंचे, तो अचानक एक गाय सडक़ के बीचों-बीच आ गई। बेकाबू रफ्तार में चल रहे ट्रक को जब चालक ने गाय को बचाने के लिए मोडऩे का प्रयास किया तो सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। ट्रक के भारी मलबे में फंसे मृतक के शव को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 3 बजे शव को बाहर निकाला जा सका।

फिलहाल, सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक करण सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर पूरे मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है। सूचना के बाद मृतक के परिजन पहुंच चुके है। पीएम कराने के बाद मंगलवार को शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। बिजली विभाग को भी क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की जानकारी दे दी गई है ताकि क्षेत्र की बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सके। यह घटना एक बार फिर सडक़ पर आवारा पशुओं की समस्या और रात के समय तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करती है, जो आए दिन मासूम लोगों की जान ले रहे हैं।

लोग फ्री का सामान उठाने में लगे रहे

हादसे के दौरान एक ओर जहां प्रशासनिक अमला बचाव कार्य में जुटा था, वहीं दूसरी ओर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना भी सामने आई। ट्रक चालक ने आरोप लगाया है कि हादसे के तुरंत बाद मदद करने के बजाय कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक में भरी ट्रांसपोर्ट सामग्री की लूटपाट शुरू कर दी। सडक़ पर बिखरे हुए सामान को लोग अपनी सुविधा अनुसार समेटकर भागते हुए देखे गए। एक तरफ एक युवक की जान जा चुकी थी और दूसरी तरफ लोग सामान बटोरने में लगे थे, जिसने वहां मौजूद संजीदा लोगों को झकझोर कर रख दिया।

Updated on:
13 May 2026 03:55 pm
Published on:
13 May 2026 03:54 pm
Also Read
View All