मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने जिले में अपने विकास यात्रा का समापन देवकर नगर पंचायत को उपतहसील बनाने की घोषणा के साथ किया।
बेमेतरा. मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने जिले में अपने विकास यात्रा का समापन देवकर नगर पंचायत को उपतहसील बनाने की घोषणा के साथ किया। इस घोषणा के साथ ही सभा स्थल जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। इसके पहले धमधा से शुरू हुए मुख्यमंत्री के रोड शो कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोशीला स्वागत किया।
यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत
जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल मैदान में विकास यात्रा के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीएम डॉ रमन सिंह ने विकास यात्रा को तीर्थ यात्रा बताते हुए कहा कि 50 हजार किमी की दूरी तय कर मैं बेमेतरा पहुंचा हूं। यात्रा का यहां ऐतिहासिक स्वागत हुआ है। माताओं-बहनों ने कलश निकल कर स्वागत किया, जो एक मुख्यमंत्री का नहीं था एक भाई का बहनों के द्वारा किया गया स्वागत है।
किसी जिले को नहीं दी इतनी रकम
इस अवसर पर बेमेतरा जिले के लिए किए गए 662 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन का जिक्र करते हुए डॉ सिंह ने कहा कि आज तक प्रदेश के किसी जिले के विकास के लिए इतना धन दिया गया है। मीठे पानी योजना प्रदान करने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ी योजना बेमेतरा में बनी है। उन्होंने कहा कि मैने बेमेतरा को जिला बनाया और आपने जिले के तीनों विधानसभा को भाजपा की झोली में डाला, जिसका उपकार मैं नहीं भूल सकता।
अमेठी से बेहतर है बेमेतरा
सभा में बेमेतरा को राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से बेहतर बताते हुए डॉ सिंह ने कहा कि आज हम विकास कर रहे हैं, और कांग्रेस पार्टी विकास कार्यों को ढूंढने निकली है। कांग्रेस के लोग नारे लगाते हैं, और भाजपा विकास करती है। कहा कि कांग्रेस को आज राहुल गांधी को लेकर रोड शो करना पड़ रहा है।
रोड शो में नजर आए मंत्री, विधायक
देवकर से शुरू हुए मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री व खाद्य मंत्री पन्नूलाल मोहले, लोनिवि मंत्री राजेश मूणत, सहकारिता मंत्री डीडी बघेल के अलावा संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, बेमेतरा विधायक अवधेश चंदेल के अलावा भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुरही नदी पर एनीकट निर्माण की मांग
विकास यात्रा के दौरान देवकर में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को विधायक लाभचंद बाफना के माध्यम से विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दूसरी बार सुरही नदी पर एनीकट निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा। गर्मी के दिनों में नगर सहित आसपास के क्षेत्र में पानी की किल्लत को देखते हुए रोमेंद्र सिंह ठाकुर, रविशंकर सोनी, वेंकटेश सोनी, राधे निषाद व अन्य ने जल्द एनीकट निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल संसाधन विभाग की ओर से 3 करोड़ का प्रांकलन तैयार कर भेजा जा चुका है, इसके बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।