जिला मुख्यालय से सटे ग्राम तेंदुभाठा में सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात अवैध मुरूम उत्खनन करते हुए दो हाइवा और एक जेसीबी जब्त किया गया है। (Bemetara News)
बेमतरा. जिला मुख्यालय से सटे ग्राम तेंदुभाठा में सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात अवैध मुरूम उत्खनन करते हुए दो हाइवा और एक जेसीबी जब्त किया गया है। बेमेतरा एसडीएम ने मुखबिर की सूचना पर आधी रात ग्राम तेंदुभाठा में छापा मारा, जहां धड़ल्ले से दो हाइवा व जेसीबी के जरिए अवैध रूप से उत्खनन कार्य किया जा रहा था। एसडीएम जगन्नाथ वर्मा ने बताया कि सूचना के आधार पर वे गांव पहुंचे थे। जहां अवैध मुरूम उत्खनन का नजारा देखकर हैरान रह गए। तत्काल गाडिय़ों को जब्त कर पुलिस को सूचना दी। (Illegal Mining in Bemetara)
गांव के रसूखदार की हैं गाडिय़ां
बेमेतरा एसडीएम ने बताया कि अवैध मुरूम उत्खनन कार्य में लगी तीनों गाडिय़ां तेंदुभाठा की है। 2 हाईवा ,सीजी 09 जेजी 2949, सीजी 25 सी 3858 एवं जेसीबी गांव के हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही प्रकाश वर्मा की गाडिय़ों के जरिए लंबे समय से रात के अंधेरे में मुरूम उत्खनन किया जा रहा है। खनिज विभाग के अफसरों को बार-बार सूचना देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद एसडीएम को सूचना देकर मौका मुआयना करने की गुजारिश की गई थी। तब जाकर अवैध मुरूम उत्खनन का भांडा फूटा।
मवेशियों से टकराकर घायल हुए तीन बाइक सवार
बेमेतरा-बेरला मार्ग में ग्राम बीजाभाट के पास सोमवार शाम मोटर साइकिल सवार तीन युवक सड़क में बैठे मवेशियों से टकराकर गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें महतारी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर घायल युवकों का इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घटना शाम लगभग 6 बजे की है। बेमेतरा-बेरला मार्ग में ग्राम बीजाभाट के पास सड़क पर बैठे मवेशी से टकराकर मोटर साइकिल सवार तीन युवक घायल हो गए।
घायल युवक मनोज ढीमर पिता रामकुमार ढीमर (21), ईश्वर वर्मा पिता धुरसिंह वर्मा (16) दोनों निवासी ग्राम लोलेसरा एवं मोटर साइकिल चालक गोलु ढीमर (21) निवासी ग्राम मोंहदा हाल निवास विद्यानगर अपने रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। जहां से शाम को वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बीजाभाट के पास सड़क में बैठे मवेशी से टकराकर घायल हो गए। युवकों को दाढ़ी, चेहरे, हाथ व पैर में चोंटे आई है। जिन्हे राहगीरों के सहयोग से महतारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर घायल तीनों युवकों का इलाज किया जा रहा है।