
बेमेतरा. जिले के ग्राम मजगांव में घर के पास खेल रहे 6 वर्षीय बालक दीवार गिर गई, जिसमें दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर ग्राम मजगांव में लोहारपारा में दिवार गिरने से बालक चवन विश्वकर्मा की मौत हो गई। घटना रविवार की शाम 6 बजे की है। कारीगर प्रहलाद विश्वकर्मा के घर की कच्ची दीवार गिरने से हादसा हुआ। इसकी खबर लगते ही आसपास के लोग मलबा हटाने पहुंचे और दबे हुए बच्चे को बाहर निकाला गया। उस समय बच्चे की सांस चल रही थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर बाहर निकली मां
घटना के वक्त प्रहलाद की पत्नी शिवकुमारी घर में अकेली थी। वहीं प्रहलाद सामान खरीदने बाहर गया था। दीवार गिरने की आवाज सुनकर बाहर निकली शिवकुमारी ने पुत्र को मलबे में दबा पाया। बदहवास मां ने रो-रो कर लोगों से मदद मांगी। लोगों ने बालक को बाहर निकाला। सूचना पाकर प्रहलाद भी मौके पर पहुंचा। बालक चवन गांव के आंगनबाड़ी में पढ़ता था।
तीन दिनों से जारी बारिश के कारण हुआ हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों से बारिश एवं बूंदाबांदी हो रही है, जिसके कारण प्रहलाद के घर के किनारे की कच्ची दीवार कमजोर हो चुकी थी, जिसके गिरने से हादसा हो गया। हादसे के घंटों बाद भी कोई भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल बालक के शव को घर पर ही रखा गया है। जिले में बारिश के दौरान दीवार गिरने से दूसरी मौत हुई है। इससे पूर्व थान खम्हरिया में 80 वर्षीय महिला रमौतिन बाई की दीवार गिरने से मौत हो गई थी।
शौच के लिए गए बालक की करंट लगने से मौत
नवागढ़ सुकुलपारा निवासी पीताम्बर सोनकर (8) शौच के लिए गया था। इस बीच टूटे बिजली तार की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नवागढ़ पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। स्वच्छ भारत अभियान को लेकर जनता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी कितने गंभीर है इसकी पोल इस घटना ने खोलकर रख दी है।