
बेमेतरा. शहर के मोहभट्ठा वार्ड में आईएचएसडीपी योजना के तहत गरीब परिवारों को आबंटित किए गए आवासों को बेचने की शिकायत पर शुरू की गई जांच अब तक अपने अंजाम तक नहीं पहुंच पाई है। अधिकारियों की उदासीनता की वजह से आवास की खरीदी बिक्री कर सरकार को चूना लगाने का काम प्रशासन के नाक के नीचे किया जा रहा है।
मोहभट्टा वार्ड में बने हैं आवास
बताना होगा जवाहर लाल नेेहरू शहरीकरण योजना के तहत मलिन बस्तिओं में रहने वाले परिवार की महिलाओं के नाम से शहर के मोहभट्ठा वार्ड में आईएचएसडीपी योजना के तहत आवासों का आबंटन किया गया है। इस योजना के अंतर्गत शहर के बाजार पारा व सिंघौरी के करीब 190 परिवारों को आईएचएसडीपी आवासों में शिफ्ट किया गया है।
40-45 हितग्राहियों ने बेचे आवास
जानकारी के अनुसार, करीब 40 से 45 हितग्राहियों ने अपने आवास को बेच दिया है। वहीं 30 से भी अधिक मकानों को किराए पर दे दिया गया है। ऐसे में शासन के नियमों के विरुद्ध मकान बेचने व किराए पर देने वालों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसके अलावा करीब 40 से 50 ऐसे लोगों को आवास का आबंटन किया गया, जो योजना में शामिल बस्ती के रहवासी नहीं थे। इससे आवास आबंटन पर सवालिया निशान लग गया है।
दो महीने पहले हुई थी शिकायत
योजना के तहत ऐसी महिलाओं के नाम पर मकान आबंटन किया गया है, जिनका विवाह हो चुका है और वर्तमान में अपने ससुराल में निवासरत हैं। वहीं उनको आबंटित मकानों पर उनके परिवार वालों का कब्जा है। वही ऐसे हितग्राही हैं, जिन्हे एक से अधिक मकानों का आबंटन कर दिया गया है। इस तरह के मामले को लेकर करीबन दो महीने पहले पूर्व पार्षद हिरेन्द्र मिश्रा ने शिकायत की थी, जिस पर अब तक जांच पूरी नहीं की जा सकी है।
दबंगई कर आवासों पर किया कब्जा
कालोनी में निवास करने वाले लोगों का कहना है कि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों से आवास आबंटन के पूर्व 8000 रुपए अमानत राशि जमा कराई गई थी। आबंटन में गड़बड़ी की वजह से अमानत राशि जमा करने के बाद भी कई लोग आवास से वंचित रह गए, वहीं बिना अमानत राशि जमा किए कई लोगों ने दबंगई करते हुए आवासों में कब्जा कर लिया है। पालिका के अब तक सर्वे नहीं कर पाने की वजह से बेजा कब्जाधारियों पर कार्रवाई दूर की कौड़ी साबित हो रही है।
मकान को गिरवी रख ब्याज कमा रहे लोग
बताया गया कि शहर के कुछ आवास के हितग्राहियों के मकानों को हथियाने के लिए मकान को गिरवी पर रखकर नगद दिया जा रहा है। इसके एवज में हितग्राही के आवास के कागज, राशन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को रखा जा रहा है। मजबूरी में उधार पर पैसे लेने वालों से काफी अधिक दर पर ब्याज वसूला जा रहा है। नतीजतन सूदखोर के चंगुल में फंसे लोग पैसा लौटाने में असमर्थ होने पर आवास खाली करने को मजबूर होंगे।
मौके पर जाकर करेंगे जांच
मामले में जांच अधिकारी स्वच्छता निरीक्षण, बेमेतरा नपा श्रीनिवास द्विवेदी ने बताया कि शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, कुछ दिनों से जांच का काम रुका हुआ है। आने वाले दिनों में मौके पर जाकर जांच की जाएगी।