धनतेरस के एक दिन पहले रविवार को बाजार गुलजार रहा, आम दिनों की अपेक्षा बाजार में खासी चलह-पहल देखने को मिली।
बैतूल. धनतेरस पर इस बार बाजार में धनवर्षा के योग बनते नजर आ रहे हैं, क्योंकि धनतेरस महीने के पहले सप्ताह में पड़ रही है। ऐसे में बाजार में जमकर खरीदारी होने की उम्मीद बनती नजर आ रही है। धनतेरस के एक दिन पहले रविवार को बाजार गुलजार रहा। आम दिनों की अपेक्षा बाजार में खासी चलह-पहल देखने को मिली। रेडिमेड कपड़ों की ग्राहकी ने जोर पकड़ लिया है। बर्तन, सराफा, इलेक्ट्रिानिक्स सहित ऑटोबाइल्स का कारोबार चमकने की उम्मीद है। इधर ऑनलाइन शॉपिंग को टक्कर देने के लिए दुकानदारों एवं कंपनियों ने दीपावली पर ग्राहकों के लिए तरह-तरह की स्कीमें लांच की है। जिनमें निर्धारित खरीदी पर चांदी का सिक्का फ्री, डिस्काउंट, एक्सचेंज ऑफर, कूपन, लक्की ड्रा, सहित एक पर एक फ्री जैसे ऑफर भी रखे गए हैं
रेडिमेड वस्त्रों की खरीदी से आया उठाव
धनतेरस के एक दिन पहले रेडिमेड कपड़ा दुकानों की ग्राहकी में उठाव देखा गया। कोठीबाजार स्थित रेडिमेड कपड़ा दुकानों पर परिवार सहित लोग खरीदारी करने पहुंचे। रेडिमेड वस्त्रों की खरीदारी को लेकर जल्दबाजी इसलिए भी दिखाई जा रही है क्योंकि दीपावली के एक-दो दिन पहले ग्राहकी तेज होने के कारण भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में लोग कपड़ों की ठीक ढंग से खरीदी नहीं कर पाते हैं। यहीं कारण है कि दीपावली से पहले रेडिमेड कपड़ों की ग्राहकी ने जोर पकड़ लिया है
सोने की चमक बरकरार
धनतेरस पर बर्तन और सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदी का महत्व ज्यादा होता है। इसलिए सराफा बाजार में खरीदी बढऩे की उम्मीद जताई जा रही है। शगुन के तौर पर ही सही लोग सोने-चांदी की खरीदी अवश्य करते हैं। इस बार खरीदी को बढ़ावा देने के लिए कुछ सराफा व्यापारियों ने आकर्षक स्कीमें भी लांच की है। ताकि लोग सोने में निवेश कर सके। धनतेरस के एक दिन पहले भी सराफा दुकान में ग्राहकी का जोर रहा।
इलेक्ट्रानिक्स में ज्यादा खर्च
इलेक्ट्रानिक्स का कारोबार ने सभी को पछाड़ दिया है। स्मार्टफोन से लेकर घरेलू इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों की खरीदी को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।आमतौर पर लोगों का इलेक्ट्रानिक्स में एलईडी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, म्यूजिक सिस्टम की खरीदी पर ज्यादा जोर होता है। लोगों की पसंद को देखते हुए इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों की विशालतम रेंज भी बाजार में उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राहकों की आकर्षित करने के लिए कंपनियां एक्सचेंज ऑफर, डिस्काउंट सहित अन्य स्कीमें चला रही है।
आज चमकेगा बर्तन का कारोबार
बर्तन की खरीदी के लिए धनतेरस सबसे शुभ दिन माना जाता है। अमीर से लेकर गरीब तबके के लोग भी आज के दिन बर्तन की खरीदी करते हैं। यहीं कारण है कि धनतेरस पर बर्तन का कारोबार काफी ज्यादा होता है। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से बर्तनों की खरीदी करते हैं। खासकर तांबा, पीतल, स्टील के बर्तनों की खरीदारी पर लोगों का जोर होता है।
वाहनों की खरीदी भी आज से होगी शुरू
वाहनों की खरीदी भी धनतेरस से शुरू होगी। लोगों ने वाहनों की पहले ही बुकिंग करा ली है लेकिन धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में लोग वाहन लेने का मन बना रहे हैं। बताया गया कि वाहन कंपनियों द्वारा डिस्काउंट, एक्सचेंज सहित आकर्षक छूट जैसे ऑफर दिए जा रहे हैं। शासकीय कर्मचारियों को खरीदी पर विशेष छूट भी दी जा रही है। ऐसे में दोपहिया वाहनों की खरीदी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।