जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5 बजे झीटापाटी के पास हुई। रायपुर छत्तीसगढ़ से श्रद्धालुओं का दल अर्टिगा कार से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए निकला था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक को देखकर चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार के अंदर बैठे लोगों की मदद की। वाहन में सवार पारस साहू, तुषार, हरि वर्मा, दीपक राजपूत, कमलेश, कुणाल मोर, पवन साहू सहित अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों ने बताया कि वे तीसरी बार रायपुर से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक से हादसे का शिकार हो गए। इससे पहले की वे कुछ समझ पाते कार पलट चुकी थी। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।