बेतुल

जीतू पटवारी ने बैतूल में धोए बर्तन, हांके बैल-खेत में हल चलाया

Jitu Patwari washed dishes - कबीर जयंती पर बैतूल पहुंचे जीतू पटवारी, किसानों से समस्याओं पर की बातचीत, पोस्ट किया वीडियो
2 min read
Jun 29, 2026
Jitu Patwari washed dishes in Betul on Kabir Jayanti.
Jitu Patwari washed dishes in Betul जीतू पटवारी ने बर्तन धोए - Image X Jitu Patwari

Jitu Patwari- "कबीर के दोहे" भला किसने नहीं पढ़े-सुने होंगे! इन दोहों के माध्यम से भारतीय समाज को पाखंड से मुक्ति दिलाने और समानता, प्रेम व मानवता का संदेश देनेवाले कबीरदास की आज देशभर में जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर अनेक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। ऐसे ही एक कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी Jitu Patwari भी शामिल हुए। सोमवार को वे बैतूल पहुंचे जहां संत कबीरदास की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। जीतू पटवारी ने यहां सेवा कार्य किया, बाकायदा बर्तन धोए। इतना ही नहीं, वे खेत में बैलों को हांकते और हल चलाते भी नजर आए।

सामाजिक कुरीतियों, आडंबर एवं अंधविश्वास के विरुद्ध जनजागृति की

संत कबीर की जयंती पर प्रदेशभर के नेताओं ने उन्हें याद किया। सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-

महान संत, समाज सुधारक कबीर दास जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं।

उन्होंने सामाजिक कुरीतियों, आडंबर एवं अंधविश्वास के विरुद्ध जनजागृति की। उनकी कृतियां अनंतकाल तक समाज को लोककल्याण की दिशा देती रहेगी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी जयंती पर कबीरदास को याद किया। उन्होंने एक्स हेंडल पर लिखा-

संत कबीर दास जी की जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन।

कबीर दास जी ने अपने दोहों और विचारों के माध्यम से समाज को सत्य, समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया।

सभी देशवासियों को संत कबीर दास जी की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ।

जीतू पटवारी ने बर्तन भी धोए

जीतू पटवारी दोपहर में बैतूल पहुंचे जहां कबीर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बैतूल स्थित सतलोक आश्रम में संत रामपाल महाराज के सान्निध्य में आयोजित सत्संग एवं सेवा कार्यक्रम में भाग लिया। सेवा कार्य के अंतर्गत जीतू पटवारी ने बर्तन भी धोए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मौके पर सभी के जीवन में सुख, शांति रहने तथा समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक निलय डागा सहित अनेक कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैलों को हांकते हुए हल चलाया

जीतू पटवारी एक खेत में पहुंच गए। यहां उन्होंने बैलों को हांकते हुए हल चलाया। इससे पहले जीतू पटवारी ने कुछ किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं जानी। किसानों ने खाद की कमी से हो रही परेशानी की बात बताई। जीतू पटवारी ने किसानों से हुई इस बातचीत का वीडियो अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार, अन्नदाताओं की नहीं सुन रही। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान से भी सवाल पूछे।

Published on:
29 Jun 2026 02:01 pm