बेतुल

एसी के चेंबर में अंशकालीन महिला संघ की अध्यक्ष ने खुद पर डाला पेट्रोल,आत्मदाह का किया प्रयास

Champavati Vatti, president of the part-time employees' women's union, attempted suicide by pouring petrol in the AC chamber on Wednesday afternoon.

2 min read
Dec 31, 2025

बैतूल। अंशकालीन कर्मचारी महिला संघ की अध्यक्ष चंपावती वट्टी द्वारा एसी के चेंबर में बुधवार दोपहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। साथी महिला कर्मचारियों ने उसे बचाया और जिला अस्पताल में भर्ती में किया। महिला की स्थिति ठीक है। महिला ने एसी पर अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीनियर जनजातीय छात्रावास में अशंकालीन कर्मचारी चंपा वट्टी दोपहर में अपनी साथी महिला कर्मचारियों के साथ ज्ञापन देने एसी (सहायक आयुक्त )कार्यालय पहुंची थी। महिलाओं ने अपनी मांगे एसी विवेक पांडे के सामने रखी। महिला कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले 10-10 महीनों से वेतन नहीं दिया गया है। इसके अलावा बिना किसी पूर्व सूचना के कई महिला कर्मचारियों को काम से हटा दिया गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने जब अपनी समस्याएं आयुक्त के सामने रखीं, तो न केवल उनकी बात नहीं सुनी गई, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। महिला कर्मचारियों का कहना है कि आयुक्त ने कहा, "जो करना है करो या मरो मैं क्या कर सकता हूं। इस पर नाराज होकर चंपा वट्टी ने अन्य महिला के पास बोतल में रखा पेट्रोल खुद पर डाल लिया। महिला ने खुद को आग नहीं लगाई,जिससे बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद महिला बेहोश हो गई और नीचे गिरी,उसके सिर में चोट आई है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी। महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया है। घटना के चलते कार्यालय में हडक़ंप मच गया। महिला की स्थिति ठीक है। जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. रानू वर्मा ने बताया कि महिला ने केवल अपने ऊपर पेट्रोल डाला था। आग नहीं लगाई थी। उसकी हालत सामान्य है, फिर भी एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती रखा गया है।
पूर्व विधायक पहुंचे जिला अस्पताल
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चंपावती से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सिविल सर्जन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। डागा ने कहा कि महिला कर्मचारियों को इस तरह प्रताडि़त करना बेहद निंदनीय है और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इनका कहना
अंशकालीन कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति होने के बाद हटाया गया है, फिर भी महिलाओं से कहा कि जहां जगह होगी नियुक्त करेंगे। महिलाएं ज्ञापन देने आई थी। उनकी पूरी बात सुनी। मौके पर पुलिस बल भी बुलाया था। महिलाओं से कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया है।
विवेक पांडे,सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग बैतूल।
महिला ने एसी चेंबर में खुद पर पेट्रोल डाला था। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया है। उसकी स्थिति ठीक है। महिला के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नीरज पाल, थाना प्रभारी कोतवाली बैतूल।

Published on:
31 Dec 2025 09:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर