भदोही

भांजी का एकतरफा आशिक था मामा, जैसे ही लगी शादी की भनक रची खौफनाक साजिश

भदोही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामा ने अपनी भांजी की सगाई से नाराज होकर उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
less than 1 minute read
Sep 01, 2025
Feature image

औराई कोतवाली क्षेत्र के बारी गांव में 19 वर्षीय युवती की रविवार को छेंकाई (सगाई की एक रस्म) की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान युवती का दूर का मामा मुकेश उसके घर पहुंचा। बताया जाता है कि मुकेश अपनी भांजी से प्रेम करता था और उसकी सगाई से नाराज था।

मामा ने इंजेक्‍शन से चेहरे पर डाली तेजाब

मौका पाकर मुकेश ने एक इंजेक्शन में तेजाब भरकर युवती के कमरे की खिड़की से उसके चेहरे पर डाल दिया। इस अचानक हुए हमले से युवती का एक गाल और हाथ जल गया। परिवार वाले तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद, परिवार ने उसी दिन तय कार्यक्रम के अनुसार लड़की की छेंकाई की रस्म पूरी की।

पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ा आरोपी

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश की तलाश शुरू की। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मुकेश सहसेपुर रेलवे पटरी के पास है। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किया है।

शीदीशुदा है मामा

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मुकेश पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। तीन महीने पहले भी उसे युवती से मिलने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद उसने दोबारा ऐसा न करने का वादा किया था। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और लोग आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
01 Sept 2025 01:09 pm
Published on:
01 Sept 2025 01:09 pm