कोरोना के नए वैरिएंट की आहट के बीच कलक्टर ने किया अस्पताल का दौरा
डीग. कोरोना संक्रमण के मामले प्रदेश में सामने आने लगे हैं। कोरोना के नए वैरिएंट के मद्देनजर औचक निरीक्षण पर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिला कलक्टर शरद मेहरा गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफरल चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना के संबंध में व्यवस्थाओं के बारे में सभी प्रकार की जानकारी हासिल की। कलक्टर ने चिकित्सालय में किस प्रकार की व्यवस्था हैं। किस तरह की तैयारियां हैं। इसको लेकर कलक्टर ने चिकित्सकों से चर्चा की। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद अधिकारियों को चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए और मरीजों को आ रही समस्याओं का जल्द निस्तारण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएमएचओ डॉ. मानसिंह से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया और प्रभारी चिकित्सकों से कहा कि अस्पताल में अव्यवस्थाएं बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कर्मचारी और चिकित्सा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने कार्य को सजकता से पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जर्जर है चिकित्सालय का कई हिस्सा -
रेफरल चिकित्सालय भवन में जगह-जगह का हिस्सा जर्जर अवस्था में हैं। भवन की दीवारे मरम्मत की बाट जोह रही हैं। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल के भवन को लेकर निर्देश दिया कि अधिकारी एनएचएम के अभियंताओं से समन्वय कर जरूरत अनुसार इमारत की मरम्मत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोरोना के दृष्टिकोण से भी अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध मात्रा में ऑक्सीजन बेड और दवाइयां पाई गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मानसिंह, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नंदलाल मीणा सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।