भरतपुर

Bharatpur: गर्मी में पानी से मिलेगी राहत, यहां लगेंगे 11 ट्यूबवेल और 24 सोलर नलकूप

राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गर्मी के मौसम में नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया है।

2 min read
May 25, 2025
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- Patrika)

गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गर्मी के मौसम में नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्यमंत्री बेढ़म ने क्षेत्र में 11 नए ट्यूबवेल सेक्शन कराए हैं। साथ ही 24 सोलर नलकूपों के लिए 2 करोड़ 65 लाख 20 हजार 606 रुपए के प्रस्ताव भी जयपुर मुख्यालय भेजे हैं।

राज्यमंत्री बेढ़म ने बताया कि वर्तमान में गर्मी के कारण कई गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है। इसे देखते हुए जलदाय विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि आमजन को निर्बाध और नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर और भी ट्यूबवेल स्वीकृत किए जाएंगे।

डीग के अधीक्षण अभियंता इशू नारंग ने बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानौता, सीकरी, मानौता कलां, जटेरी (बाग की ढाणी), निहाम (ओमप्रकाश भगत मेमोरियल), टिब्बा साहेब (गुरुद्वारा), मवई (चंदन सिंह का बारा), झुल्का (मंदिर के पास), आलमशाह (कुंडा मंदिर), पान्हौरी (काएका मंदिर) और सेमली (मंदिर व गौशाला) में ये ट्यूबवेल लगाए जाएंगे।

सोलर नलकूपों के प्रस्ताव ग्राम बाजाहेड़ा (देवनारायण मंदिर), पसोपा (घोघोर रोड), जटेरी (मोनी बावा मंदिर), मानौता (श्याम मंदिर), जनूथर (चांवड़ मंदिर), ढभारा (झूल देवी मंदिर), गुहाना (हनुमान मंदिर), जयश्री, झीतरेडी (करघाहेड़ी मंदिर), खखावली (बड़ा मंदिर), उदयपुर निहाम (सेवल मंदिर), सिरथला (खाटू श्याम मंदिर), भावली (उच्चैन वाले बाबा का मंदिर), रसिया, खेड़ली, पीलूकी, आलमशाह, बेर्रू, पेंडका, सुंदरावली, बुर्जा और पूंछरी जैसे गांवों में लगाए जाने प्रस्तावित हैं।

इसके अतिरिक्त मंत्री बेढ़म ने क्षेत्र में 15 हैंडपंपों की एक और सूची मुख्य अभियंता ग्रामीण जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को भेजने की बात भी कही है। ट्यूबवेल और सोलर नलकूपों को उन स्थानों पर लगाया जा रहा है जहां अधिकतम लोग लाभान्वित हो सकें।

Published on:
25 May 2025 01:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर