भरतपुर

भरतपुर के मोती महल के झंडा विवाद में नया मोड़, मनुदेव सिनसिनी ने तोड़ा सदर गेट, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

Bharatpur : भरतपुर के मोती महल पर रियासतकालीन झंडा विवाद में नया मोड़ आ गया है। मनुदेव सिनसिनी ने सोशल मीडिया पर लाइव दिखाते हुए मोती महल के पीछे के सदर गेट को गाड़ी से तोड़ दिया और अंदर प्रवेश किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

2 min read
भरतपुर के बाहर पुलिस जाप्ता। पुलिस व एफएसएल टीम के अधिकारी जांच करते हुए। पत्रिका फोटो

Bharatpur : भरतपुर के मोती महल पर रियासतकालीन झंडा विवाद में नया मोड़ आ गया है। जाट समाज ने 21 सितंबर को मोती महल पर रियासतकालीन झंडा लगाने का ऐलान किया था, लेकिन महाराजा विश्वेंद्र सिंह की अपील के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोती महल के आस-पास पुलिस बल तैनात किया।

मनुदेव सिनसिनी ने तोड़ा सदर गेट

शाम होते ही मनुदेव सिनसिनी ने सोशल मीडिया पर लाइव दिखाते हुए मोती महल के पीछे के गेट सदर गेट को गाड़ी से तोड़ दिया और अंदर प्रवेश किया। मनुदेव सिनसिनी के हाथ में रियासतकालीन झंडा था और उन्होंने वीडियो बनाई, लेकिन झंडा नहीं लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

गार्डों को देखकर वे तीनों भाग गए

एसडीएम राजीव शर्मा और एडिशनल एसपी सतीश कुमार यादव मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए। एडिशनल एसपी सतीश यादव ने बताया कि जांच में पता चला है कि तीन लोग थे, जिन्होंने सदर गेट पर टक्कर मारी और अंदर करीब 50 मीटर तक प्रवेश किया। यह झंडे को लेकर के राज परिवार का विवाद था लेकिन जानबूझकर के इसे तूल देने की कोशिश की गई है। पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी लेकिन मामला कुछ और निकला। जब तीनों ने अंदर प्रवेश किया तो गेट की आवाज सुनकर गार्ड मौके पर आए। गार्डों को देखकर वे सभी भाग गए।

अनिरुद्ध सिंह ने स्वयं परिवाद दिया

पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी हुई है। तीनों आरोपी मौके से भाग निकले हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस ने जिस गाड़ी से गेट को टक्कर मारी गई थी उसे मनुदेव सिनसिनी के आवास से अपने कब्जे में ले लिया है। उस वक्त अनिरुद्ध सिंह महल के अंदर थे। घटना के बाद मथुरा गेट थाने आकर अनिरुद्ध सिंह ने स्वयं परिवाद दिया है।

आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा - पुलिस अधीक्षक भरतपुर

21 सितम्बर को एक समुदाय विशेष की ओर से झंडा विवाद पर चेतावनी दी गई थी। पुलिस रात्रि 8.30 बजे तक शहर सहित बॉर्डर पर तैनात रही। वाहनों को बोर्डर पर ही रोक दिया गया। रात 8.30 बजे बाद पीछे के गेट से एक व्यक्ति नशे की हालत में आया और महल के गेट पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिसे महल की सिक्योरिटी ने रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है। मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी जल्द पुलिस की पकड़ में होगा।
दिगंत आनंद, पुलिस अधीक्षक भरतपुर

Updated on:
22 Sept 2025 09:37 am
Published on:
22 Sept 2025 08:20 am