
फोटो - AI
Bharatpur Crime : भरतपुर में एक महिला की जिंदगी का सबसे बड़ा संकट उसका अपना पति बन गया है। सुभाष नगर निवासी महिला का कहना है कि वह महीनों से डर के साये में जी रही है। घर से बाहर निकलना तक उसके लिए मुश्किल हो गया है। कभी रास्ते में रोककर अभद्रता की जाती है तो कभी फोन पर जान से मारने की धमकियां दी जाती है। हालात ऐसे बना दिए गए है कि वह सुरक्षित जीवन जीने के अपने अधिकार से ही वंचित हो गई है।
महिला जानवी शर्मा ने बताया कि 2 जनवरी को महिला थाने में पति योगेश शर्मा उर्फ काकू, ससुर, सास और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के बाद भी उसकी परेशानी कम नहीं हुई, बल्कि और बढ़ गई।
आरोप है कि पति लगातार पीछा करता है, राह चलते रोकता है और चेहरे को बिगाड़ने तक की धमकी देता है। मजबूरी में उसने किराये का घर लिया, लेकिन वहां भी पति ने मकान मालिक को डराया धमकाया, जिससे उसे दोबारा घर बदलना पड़ा।
महिला का कहना है कि रोजाना सैकड़ों कॉल कर उसे मानसिक रूप से तोड़ा जा रहा है। मंदिर दर्शन के लिए गई तो वहां भी पति ने झगड़ा किया। मकान मालिक और पड़ोसियों के सामने गाली-गलौच हुई। बाद में मकान मालिक को उसके बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। डर के कारण मकान मालिक ने भी महिला से कमरा खाली करने को कह दिया।
महिला का आरोप है कि पति उसके हर परिचित को फोन कर गालियां देता है और धमकाता है, जिससे कोई भी उसकी मदद करने को तैयार नहीं है।
Updated on:
24 Feb 2026 11:20 am
Published on:
24 Feb 2026 11:20 am
