
नदी में शव मिलने की सूचना पर जुटी भीड़। फोटो- पत्रिका
भरतपुर। आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के दबाव ने एक और जिंदगी छीन ली। मथुरा गेट थाना क्षेत्र के केतन गेट के पास सुजानगंगा नहर में शनिवार सुबह एक युवक का शव तैरता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पहचान होने पर शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मथुरा गेट थाने के एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि नहर में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला गया और उसकी पहचान गोपालगढ़ सेड का मढ़ निवासी अतुल चौहान (32) पुत्र ओमप्रकाश चौहान के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि अतुल ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार शाम को वह घर से निकला था, जिसके बाद उसका पता नहीं चला। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना मिली।
चौबुर्जा चौकी प्रभारी राकेश मान ने बताया कि मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। कुछ दिन पहले उसके छोटे भाई की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अपने परिवार के साथ-साथ भाई के परिवार और वृद्ध पिता की जिम्मेदारी भी उसी पर आ गई थी। सीमित आमदनी में बढ़ती जिम्मेदारियों ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया। इसी तनाव में उसने सुजानगंगा नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
Updated on:
22 Feb 2026 04:27 pm
Published on:
22 Feb 2026 04:27 pm
