
बृजनगर (डीग)। पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में इस बार ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया। एक ही प्रत्याशी ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल कर दिए। नामांकन के दौरान उनके पहनावे ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। पहली बार साड़ी पहनकर पहुंचीं तो दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। चुनावी गलियारों में उनके तीन नामांकनों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। आखिरकार चुनावी प्रक्रिया के बाद वती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।
बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद की दावेदार वती कुमारी पत्नी रिंकू राना ने नामांकन के दौरान ऐसा सियासी दांव चला कि हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी पर्चा भर दिया। एक ही चेहरे के तीन अलग-अलग नामांकन सामने आने से चुनावी माहौल में हलचल मच गई। वती कुमारी वार्ड संख्या 14 से चुनाव जीती थी, उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीता था। उनके ससुर अर्जुन प्रधान पहले ब्रजनगर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान वती कुमारी का पहनावा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। वह पहली बार साड़ी पहनकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, जबकि दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं। एक ही प्रत्याशी के अलग-अलग दलों और निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल करने के घटनाक्रम ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया।
तीन नामांकनों के बाद सबकी निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और चुनावी प्रक्रिया पर टिकी थीं। अंततः वती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित हुईं। उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव संपन्न हो गया।