
दो दिवसीय दौरे पर भरतपुर आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दूसरे दिन मंगलवार को कैम्प कार्यालय ट्रेफिक चौराहे के पास जनसुनवाई की। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान यहां पहुंचे साधु-संतों ने कहा कि यदि अवैध खनन बंद नहीं हुआ तो साधु आत्मदाह करेंगे। जनसुनवाई में भुसावर क्षेत्र के कालिया बाबा पहाड़ पर हो रहे खनन को लेकर साधु-संतों ने ज्ञापन सौंपा।
11 साधु करेंगे आत्मदाह
साधुओं ने चेतावनी दी कि आस्था के केन्द्र कालिया बाबा पहाड़ पर खनन कार्य बंद नहीं हुआ तो एक साथ 11 साधु आत्मदाह कर लेंगे। इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साधुओं को उचित समाधान करने का आश्वासन दिया।
हजारों लोगों की आस्था का केन्द्र
जनसुनवाई में आए बाबा भगवान दास ने बताया कि भुसावर क्षेत्र की कालिया बाबा पहाड़ी पर कई मंदिर स्थित हैं। इस पहाड़ी पर लंबे समय से वैध-अवैध खनन हो रहा है। इससे प्रकृति के साथ ही मंदिरों को भी खतरा है। इस पहाड़ी की अमावस्या और पूर्णमासी को सप्तकोसीय परिक्रमा भी लगती है। हजारों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
साधुओं ने जनसुनवाई के दौरान कालिया पहाड़ पर खनन को रुकवाने के लिए ज्ञापन दिया। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कहा कि यदि खनन बंद नहीं हुआ तो 11 साधु आत्मदाह कर लेंगे। मुख्यमंत्री ने साधुओं की मांग सुनकर समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद साधुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत भी किया।