भरतपुर

घर से बेघर हुए बुजुर्ग ने कलक्टर से लगाई गुहार, बेबस पिता की दास्तां सुन रह जाओगे हैरान

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 2 Aug 2018, 5:00 PM IST
Helpless Father's Complaint

भरतपुर। जीवन में मां बाप कड़ी मेहनत कर अपनी संतान को बड़े अरमानों के साथ पालते हैं। ताकि औलाद उनके बुढ़ापे का सहारा बन सके। बुढ़ापे में जब माता-पिता ही दो वक्त की रोटी के लिए तरसे तो उनके सारे अरमान धरे रह जाते हैं। ऐसा ही एक मामला बयाना के पुरावाईखेड़ा गांव में सामने आया है, जहां बेबस और दिव्यांग पिता दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।इसके चलते पिता ने अपने पुत्रों के खिलाफ भरणपोषण न देने को लेकर जिला कलक्टर से गुहार लगाई है।

बेबस पिता ठोकरें खाने को मजबूर

लाचार पिता एक पैर से दिव्यांग है और साल 2016 में बयाना एसडीएम ने उसके बेटों को भरण पोषण भत्ता देने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी वे न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। इसके चलते बुजुर्ग पिता दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।

बेटों ने जड़ दिया मकान के ताला

दरअसरल, गांव पुरावाईखेड़ा निवासी हरीसिंह (86) पुत्र झण्डे ने जिला कलक्टर से गुहार लगाई है कि उसके भगवतसिंह, करनसिंह और बालमुकुंद तीन पुत्र हैं। पीडि़त के तीनों पुत्रों ने उसकी खातेदारी की जमीन पर कब्जा कर गांव के मकान पर ताला जड़ दिया। इसके बाद वह कभी-कभी अपने पुत्र करन सिंह के यहां खाना खाता रहा लेकिन, भगवत और बालमुकुन्द उसे धमकाते थे।

जिला कलक्टर ने दिए जांच के आदेश

पीडि़त ने बताया कि भगवत ने उसका बयाना के मकान को धोखे से अपनी पत्नी के नाम करा लिया और गांव के मकान में बालमुकुन्द ने सामान भरकर ताला लगा दिया। अपने तीनों बेटों से पीडि़त होकर उसने बयाना उपखण्ड अधिकारी से गुहार लगाई है। इस पर उपखण्ड अधिकारी ने साल २०१६ में तीनों बेटों को १५००-१५०० रुपए पिता के बैंक खाते में डालने के आदेश दिए। लेकिन बेटों ने आज तक कोई भी भरणपोषण नहीं दिया। इसके चलते बुजुर्ग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। लाचार पिता की दुखभरी आपबीती सुन जिला कलक्टर ने बयाना एडीओ को मामले की जांच के आदेश दिए। साथ ही उसके बेटों से भरणपोषण दिलवाने को कहा है।

Updated on:
2 Aug 2018, 5:00 PM IST
Published on: