भरतपुर

पूर्व MLA अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा, गांव में सन्नाटा

भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके पहले पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। गिरफ्तार आरोपियों में भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और कुंवर सिंह गुर्जर शामिल हैं।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
atar singh bhadana
Bharatpur: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना (फाइल फोटो-पत्रिका।

भरतपुर। बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और कुंवर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इनमें से तीन आरोपी भौंड़ा गांव और एक आरोपी नावर गांव का निवासी है। पूर्व विधायक की हत्या के बाद से क्षेत्र में तनाव और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपना घर छोड़कर निकल गए हैं।

पूर्व विधायक की हत्या के बाद से पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। सोमवार को ही कई संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिनसे पुलिस ने पूछताछ की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हिरासत में लिए जाने के बाद भौंड़ा गांव में पलायन जैसी स्थिति देखने को मिली। ज्यादातर लोग अपने-अपने घरों में ताले लगाकर गांव छोड़ दिए। दूसरी तरफ पूर्व विधायक की हत्या को लेकर विपक्ष भी सरकार पर लगातार दबाव बना रहा है। अब मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। घटना को लेकर अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ने वैर थाने में 30 नामजद और 50-60 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।

पत्नी ने दर्ज कराया था मुकदमा

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला खनन लीज और क्रेशर संचालन को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने वैर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में 30 लोगों को नामजद करने के साथ 50 से 60 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। शिकायत के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले खनन लीज और क्रेशर पर काम करने वाले लोगों के साथ मारपीट हुई थी। इस संबंध में भी पुलिस थाने में मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। इसके अगले दिन खदान परिसर में दोबारा हमला किए जाने का आरोप है।

मारपीट, पथराव और फायरिंग के भी आरोप

कमलेश भड़ाना की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर कथित तौर पर एकराय होकर खनन लीज और क्रेशर परिसर में पहुंचे थे। शिकायत में परिसर में घुसकर 70-80 लोगों द्वारा मारपीट करने, पथराव, फायरिंग और आगजनी के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि हमलावर क्रेशर को उखाड़ने के इरादे से आए थे और इसी दौरान अतर सिंह भड़ाना पर हमला किया गया। शिकायत में बताया गया कि हमले के दौरान पूर्व विधायक के हाथ-पैर तोड़ दिए गए और सिर पर गंडासे से वार किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी। उन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

चार गिरफ्तारियों के बाद जांच पर नजर

पुलिस की ओर से चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी कथित भूमिका और अन्य संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटा सकती है। हालांकि, पूछताछ और जांच की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। पूर्व विधायक की हत्या से क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
13 Oct 2026 03:57 pm
Published on:
13 Oct 2026 03:49 pm