भरतपुर

Rajasthan Panchayat Election: साड़ी से सूट तक बदला हुलिया, नहीं बदला प्रधान पद प्रत्याशी का चेहरा!

बृजनगर सियासत में चेहरे बदलते देखे होंगे, दल बदलते देखे होंगे, चुनावी समीकरण बदलते भी देखे होंगे, लेकिन बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में जो नजारा सामने आया, उसने राजनीतिक गलियारों को हिलाकर रख…
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:22 PM IST
Rajasthan Panchayat Election

कांग्रेस और भाजपा दोनों के दरवाजे पहुंचीं, तीन नामांकन से बृजनगर की सियासत में महाभूचाल पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ साड़ी पहनकर कांग्रेस के सिंबल पर भरा पर्चा, फिर सूट पहनकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ भाजपा के सिंबल पर पहुंचीं वती कुमारी निर्दलीय के रूप में भी किया नामांकन, भाजपा के सिंबल पर निर्वाचित होने के बाद सामने आया चौंकाने वाला घटनाक्रम कांग्रेस के 16, भाजपा के 4 और 9 निर्दलीय सदस्यों के बीच प्रधान चुनाव में हुआ सियासी ड्रामा, पूर्व विधायक ने ली चूक की जिम्मेदारी, पीसीसी सदस्य पद से दिया इस्तीफा

बृजनगर सियासत में चेहरे बदलते देखे होंगे, दल बदलते देखे होंगे, चुनावी समीकरण बदलते भी देखे होंगे, लेकिन बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में जो नजारा सामने आया, उसने राजनीतिक गलियारों को हिलाकर रख दिया। यहां प्रधान पद के एक ही प्रत्याशी ने ऐसा नाटकीय घटनाक्रम पेश किया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों के बड़े नेता अलग-अलग समय पर उनके साथ नजर आए। पहले साड़ी पहनकर पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ कांग्रेस के खेमे में पहुंचीं, फिर सूट पहनकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल करने पहुंच गईं। इतना ही नहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन प्रस्तुत किया। एक ही प्रधान पद प्रत्याशी के तीन नामांकन और दो प्रमुख राजनीतिक दलों के सिंबल पर दावेदारी ने बृजनगर की राजनीति में भूचाल ला दिया।

पहले साड़ी में कांग्रेस का भरोसा, फिर सूट में भाजपा का साथ!

नामांकन के दिन वती कुमारी पत्नी रिंकू राणा पहले साड़ी पहनकर पूर्व विधायक वाजिब अली और जिला उपाध्यक्ष सेवा भजिया के साथ कांग्रेस के सिंबल पर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। कांग्रेस खेमे में उन्हें पार्टी प्रत्याशी के रूप में देखा गया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ समय बाद वही प्रधान पद प्रत्याशी सूट पहनकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ भाजपा के सिंबल पर नामांकन प्रस्तुत करने पहुंचीं। तीसरा नामांकन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी दाखिल किया गया। पहनावा बदला, साथ बदला, चुनाव चिह्न बदला, लेकिन प्रधान पद प्रत्याशी वही रहीं। इस पूरे घटनाक्रम ने दोनों राजनीतिक दलों की चुनावी तैयारियों और प्रत्याशी पहचान की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

16 सीटों का बहुमत, फिर भी कांग्रेस के सामने ऐसी चूक!

बृजनगर पंचायत समिति की 29 सीटों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 16 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा को 4 सीटों पर जीत मिली, जबकि 9 निर्दलीय प्रत्याशी निर्वाचित हुए। बहुमत के बावजूद कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा था। पूर्व विधायक वाजिब अली कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा कर रहे थे, वहीं गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म भाजपा का बोर्ड बनाने की बात कह रहे थे। दोनों दलों के बीच प्रधान की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान था, लेकिन एक ही प्रधान पद प्रत्याशी के दोनों दलों के सिंबल पर नामांकन करने के घटनाक्रम ने पूरे चुनाव की पटकथा ही बदलकर रख दी।

भाजपा के सिंबल पर जीत, कांग्रेस खेमे में मचा हड़कंप

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस प्रधान पद प्रत्याशी के नाम पर कांग्रेस और भाजपा दोनों के सिंबल से नामांकन प्रस्तुत हुआ, वही प्रत्याशी भाजपा के सिंबल पर निर्वाचित हुईं। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में सवालों की बाढ़ आ गई। क्या दोनों दलों ने अपने प्रत्याशी की पहचान सुनिश्चित किए बिना नामांकन कराया? क्या नामांकन के समय प्रत्याशी का सत्यापन नहीं हुआ? क्या एक ही प्रत्याशी के अलग-अलग दलों के सिंबल पर नामांकन की जानकारी दोनों खेमों तक नहीं पहुंची? आखिर इतनी बड़ी राजनीतिक चूक कैसे हो गई?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक का बड़ा कदम, पीसीसी सदस्य पद से इस्तीफा

घटनाक्रम सामने आने के बाद पूर्व विधायक वाजिब अली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे प्रधान पद प्रत्याशी को पहचान नहीं पाए और उसी प्रत्याशी ने भाजपा के सिंबल पर भी नामांकन प्रस्तुत कर दिया। इस पूरे मामले की जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए उन्होंने पीसीसी सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। पूर्व विधायक का यह कदम राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बृजनगर की सियासत में अब एक ही चर्चा—साड़ी वाली और सूट वाली एक ही प्रधान पद प्रत्याशी!

प्रधान चुनाव में 16 कांग्रेस, 4 भाजपा और 9 निर्दलीय सदस्यों का गणित अपनी जगह है, लेकिन इस बार चुनावी बहस बहुमत और बोर्ड गठन से आगे निकल गई। एक ही प्रधान पद प्रत्याशी, तीन नामांकन, दो बड़े दलों के दिग्गज नेताओं का साथ और अंत में पीसीसी सदस्य का इस्तीफा! बृजनगर की राजनीति में यह घटनाक्रम लंबे समय तक याद किया जाएगा। जिस प्रधान चुनाव में कांग्रेस और भाजपा अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही थीं, वहां एक ही प्रत्याशी के बदले हुए पहनावे और तीन नामांकनों ने पूरे राजनीतिक मुकाबले की सुर्खियां छीन लीं।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:22 PM IST
Published on: