भरतपुर

सूने मकान पर चोरों का धावा, चांदी के सिक्के और नकदी ले उड़े चोर

सूने मकान पर चोरों का धावा, चांदी के सिक्के और नकदी ले उड़े चोर

2 min read
Jul 02, 2018

भरतपुर। यदि आप भी मकान को सूना छो़ड़कर कहीं जाते हैं, तो सावधान हो जाइए। चोर कभी भी सूने मकान पर धावा बोल सकते हैं। एक ऐसा ही मामला भरतपुर से सामने आया है। गोपालगढ़ में जैन मंदिर के पास एक शिक्षक दंपती के सूने मकान को रात के अंधेरे में चोरों ने निशाना बना डाला। मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। सबसे पहले चोर फ्रिज में रखे लड्डूओं को चटका गए। इसके बाद अलमारी में रखे २० हजार रुपए नकद, चांदी के सिक्के और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

शिक्षक दम्पति का घर पर धावा

पुलिस ने बताया कि चोरी माल के बारे में मकान मालिक ही बता पाएगा। घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य के आधार पर छानबीन शुरू की गई है। स्थानीय तरुण जैन ने बताया कि मनीष कटारा केंद्रीय विद्यालय भुज (गुजरात) में लेक्चरार है। दीदी भी शिक्षक हैं। दोनों के दो बच्चे हैं। करीब एक साल पहले ही दो मंजिला मकान बनवाया था। जिसके भू-तल में वे रहते हैं। पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर व म्युजिक क्लास चलती है। स्कूल खुलने से मनीष कटारा परिवार के साथ ड्यूटी पर भुज चले गए। मकान का ताला लगा था। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ब्यूटी पॉर्लर संचालिका ने मकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची।

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मकान के कमरों के ताले टूटे मिले हैं। कमरे में रखी दो अलमारियों के भी ताले टूटे हुए थे। अलमारियों में रखे कपड़े बिखरे मिले। वहीं मंदिर में रखे चांदी के सिक्के गायब है। पुलिस चोरों के बारे में अहम सबूत जुटा रही है साथ ही चोरी हुए माल के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

Published on:
02 Jul 2018 08:52 pm
Also Read
View All