Bharatpur News : भरतपुर जिले की गढ़ी बाजना थाना पुलिस ने पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
भरतपुर जिले की गढ़ी बाजना थाना पुलिस ने पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने 11 दिन पहले शराब के नशे में घरेलू विवाद के चलते जंगली जानवर भगाने वाली बंदूक से गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी थी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि 26 मार्च को रूपवास के शक्करपुर निवासी अमर सिंह पुत्र सुखचंदी ने हत्या का मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में लिखा था कि उसकी बहन प्रेम उर्फ सुमेरा की 18 मार्च को शराब के नशे में उसके जीजा गढ़ी बाजना के गांव हल्लनपुरा सहायपुर निवासी बहादुर सिंह (64) ने बंदूक जैसे हथियार से गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसे बिना बताए उन लोगों ने 3-4 अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी बहन के शव को जला दिया और सबूत नष्ट कर दिए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू किए।
गढ़ी बाजना थाना अधिकारी हीरालाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई। टीम ने आरोपी बहादुर सिंह के मोबाइल नंबर की सीडीआर प्राप्त कर उसका विश्लेषण किया। सीडीआर के विश्लेषण से प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की पूछताछ करने पर बहादुर सिंह ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में आरोपी पति बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके कब्जे से एक नाली बंदूक जब्त कर ली गई है।
गढ़ी बाजना थाना प्रभारी हीरालाल मीना ने बताया कि 18 मार्च की रात को बहादुर सिंह भील शराब के नशे में अपनी पत्नी प्रेम उर्फ सुमेरा (55) से झगड़ा कर रहा था। इसी बीच बहादुर ने अपनी कारतूस भरी हुई बंदूक उठा ली, जिसका इस्तेमाल जंगली जानवरों के शिकार के लिए किया जाता है। पत्नी प्रेम ने बंदूक की नाल पकड़कर विरोध किया। इसी हाथापाई के दौरान अचानक गोली चल गई। जिससे पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिक खून बहने से पत्नी प्रेम की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति बहादुर सिंह ने बचने के लिए आनन-फानन में अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार भी कर दिया था।