
आरोपी पत्नी रूबी व मृतक पति सुरेंद्र शर्मा। पत्रिका फाइल फोटो
आगरा में भरतपुर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या मामले में जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है, मामले से जुड़े नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पति की हत्या कर लाश दफनाने वाली आरोपी पत्नी रूबी शर्मा से पुलिस ने मनोवैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की मौजूदगी में कड़ी पूछताछ की। इस लंबी पूछताछ के बाद सामने आया है कि घरेलू हिंसा की वजह से रूबी के भीतर सुलग रहे गुस्से की आग को भरतपुर में हुए एक घटनाक्रम ने भड़का कर दिया था।
बता दें कि रूबी ने पति की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया था। इसके बाद ऊपर से प्लास्टर करवा दिया। इसके बाद 45 दिन तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। आखिरकार 3 जुलाई को भाई के शक और पुलिस की जांच में बाथरूम की खुदाई हुई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ था। वहीं जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस पूरी वारदात में कोई और भी शामिल था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की असली वजह क्या थी और क्या पूरी साजिश पहले से रची गई थी।
दरअसल, 16 मई को सुरेंद्र कुमार शर्मा ने भरतपुर में अपने मामा के घर पर हंगामा कर दिया था। जिसके बाद मामा के परिवार ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद वापस आगरा लौटा और उसने सारा गुस्सा पत्नी पर उतारा। वह रूबी को जबरन अपने साथ वापस भरतपुर लेकर गया। वहां उसने रूबी पर दबाव बनाया कि वह उसके मामा के घर जाकर पति के गायब होने का नाटक करे ताकि मामा के परिवारवाले डर जाएं।
इसके बाद मामा के घर पहुंची रूबी को घरवालों ने धमकाया और वहां से उसे भगा दिया। इसके बाद पति ने उसको भरतपुर में ही पीटा। बस यहीं से रूबी को लगा कि पति मर जाएगा तो सब ठीक हो जाएगा। इसके बाद गुस्से में उसने खीर में नींद की गोलियां मिला दीं। 18 मई को भरतपुर से मामा का फोन आया और धमकाया कि पुलिस आने वाली है। इस बात को लेकर उसने सास और बच्चों को जेठ कर घर भेज दिया। उसके बाद शव को बाथरूम के कच्चे फर्श के नीचे दफना दिया।
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पक्का फर्श बनाने मिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि वह रूबी को पहले से नहीं जानता था। पड़ोस में काम करने के कारण रूबी ने उससे संपर्क किया था। रवि ने बताया कि रूबी ने बाथरूम का काम कराने के लिए बुलाया था। अगले दिन जब रवि वहां पहुंचा तो उसने देखा कि रूबी खुद ही बाथरूम में मलबा भर रही थी। रवि के लेबर बुलाने को कहा तो रूबी ने साफ इनकार कर दिया और खुद काम करने की बात कहकर निर्माण सामग्री लाने के लिए उसे 500 रुपए दे दिए।
सुरेंद्र के भाई अनिल ने पुलिस को बताया था कि पिता की पेंशन सुरेंद्र के खाते में आती थी। जिसे दोनों भाई आपस में बांट लेते थे। भाई के गायब होने के बाद रूबी से एटीएम कार्ड के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उसे पता नहीं है। लेकिन, भरतपुर में बैंक से जानकारी की तो पता लगा कि आगरा से ही रकम निकाली गई। इस पर शक और गहरा गया। इसके बाद उसने भाई के बारे में रूबी से सख्ती से पूछा तो उसने सच बताया। रूबी ने कहा कि उसने सुरेंद्र को मारकर बाथरूम में दफनाया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाथरूम की फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई, जहां नीचे दबा हुआ सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
Updated on:
06 Jul 2026 10:42 am
Published on:
06 Jul 2026 10:42 am
