भरतपुर

अगर किसानों के साथ हुआ धोखा तो दूंगा इस्तीफा

-केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी बोले

2 min read
Jun 25, 2021
अगर किसानों के साथ हुआ धोखा तो दूंगा इस्तीफा

भरतपुर. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार की ओर से बनाए गए तीनों नए कृषि कानून अन्नदाता की रीढ़ को मजबूत कर 21वीं सदी के उज्जवल भारत की नींव रखेंगे। केवल कुछ निजी स्वार्थ से बंधे हुए लोगों की ओर से भारत के सीधे-साधे किसानों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है जो कभी सफल नहीं होगा क्योंकि देश की जनता यह समझ चुकी है कि कौन अपना हित साधना चाहता है और कौन जनहित में काम करना चाहता है। अगर किसानों के साथ धोखा होता है तो इस्तीफा दे दूंगा।
वे गुरुवार को सर्किट हाउस में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने प्रदेश में हाल ही आपराधिक घटनाओं में हुई बढ़ोतरी के मुद्दे पर गहलोत सरकार को घेरा। कृषि राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि शांत प्रदेश के रूप में अपनी पहचान रखने वाला राजस्थान अब अपराध और अराजकता का अड्डा बन रहा है। यहां आए दिन हत्या, बलात्कार व डकैती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैंं, जिनसे राज्य की छवि धूमिल हो रही है। कांग्रेस के कुशासन ने देश के सबसे शांत प्रदेश को आज अपराधों में सिरमौर बना दिया है। इनके राज में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि कोई सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही खींचतान और कांग्रेस की आपसी कलह पर तंज कसते हुए कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि समस्या कांग्रेस नेताओं की है और सरकार भी कांग्रेस की है, जिसका समाधान कांग्रेस को ही करना है. लेकिन इन सबके बीच केवल राजस्थान की जनता परेशान हो रही है। कांग्रेस सरकार और पार्टी की आपसी लड़ाई का खामियाजा राजस्थान की जनता को भुगतना पड़ रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और विकास के काम ठप पड़े हैं। आमजन परेशान है। कांग्रेस का आधे से ज्यादा कार्यकाल तो इनके नेताओं की आपसी कलह में ही निकल गया है। ऐसी स्थिति में जनता परेशान है और सरकार भ्रष्टाचार का खेल सरकार में व्यस्त है। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने बताया कि राज्य की गहलोत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर जो वैट लागू कर रखा है, उससे राजस्थान के पड़ोसी राज्य हरियाणा में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में काफी अंतर है, इसको कम करके आमजन को राहत देनी चाहिए।

बैठक में पार्टी के कार्यक्रम व मजबूती पर की रायशुमारी

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने प्रवास के दौरान भरतपुर जिले की संघटनात्मक बैठक ली। बैठक में जिला एवं मंडलो द्वारा कोरोना काल मे सेवा ही संघटन के तहत किए गए सेवा कार्यों का व्रत रखा। बूथ संरचना के बारे में चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि हमे हमारा बूथ मजबूत करना है।हमें बूथ कमेटियों की संरचना प्रभावी तरीके से करनी है। शक्ति केन्द्र प्रभारी, पन्ना प्रमुख बनाने है। संचालन जिला महामंत्री भगवान दास शर्मा ने किया एवं आभार जिला महामंत्री बृजेश अग्रवाल ने व्यक्त किया। बैठक में प्रमुख रूप से सांसद रंजीता कोली, पूर्व मंत्री जवाहर बेढ़म प्रदेश मंत्री महेंद्र जाटव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य शिवानी दायमा, पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र गोयल, जिला उपाध्यक्ष गिरधारी गुप्ता, योगेन्द्र राजू कटारा, मनीष शर्मा, प्रेमकपूर, निहाल मीणा, प्रेमपाल सिंह, राजेन्द्र गुर्जर, नवीन दुबे, करतार डागुर, संभाग मीडिया प्रभारी शैलेष कौशिक, जिला प्रवक्ता नरेश सेन, किसान मोर्च जिला अध्यक्ष मोहन सिंह रारह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष हंसिका सिंह, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गेश बुटोलिया, पूर्व जिला महामंत्री मनोज भारद्वाज आदि उपस्थित थे। इसके अलावा भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहन रारह की अध्यक्षता में किसान संवाद बैठक की गई। किसान संवाद बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ने भाजपा किसान मोर्चा की ओर से चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत पौधा लगाया।

Published on:
25 Jun 2021 07:34 am
Also Read
View All