
फोटो - AI
Bharatpur Gambling : भरतपुर सारस चौराहे से निकल रहे आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नामी होटल में सामूहिक जुआ रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस से बचने के लिए दो आरोपी छत से कूद गए। इसमें जुआ खेल रहे 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 13 हजार 200 रुपए नगद, 12 मोबाइल व एक कार को जब्त किया है। एसपी दिगंत आनंद के अनुसार पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि होटल रीजेंटा में कुछ लोग बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर डीएसटी टीम व सेवर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल में दबिश दी। इससे आरोपियों में भगदड़ मच गई। भगदड़ में एक दूसरे को धक्का देते हुए छत से कूदने से दो आरोपी चोटिल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक का इलाज के उपरान्त छुट्टी होने पर बाद गिरफ्तार किया। एक आरोपी फिलहाल भर्ती है।
पुलिस टीम ने होटल में जुआ खेल रहे आरोपियों के कब्जे से कुल 8 लाख 13 हजार 200 रुपये नकद, 12 मोबाइल, एक स्विफ्ट गाड़ी व ताश की गड्डी (जुआ उपकरण) जब्त किए हैं। जांच में पुलिस टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस संगठित जुआ नेटवर्क के तार और कहां-कहां तक किस व्यक्ति से जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने छोटेलाल पुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी महमदपुर थाना गोवर्धन जिला मथुरा, प्रवीण कुमार प्रभाकर पुत्र ओमप्रकाश, निवासी लक्ष्मीनगर थाना जमनापार जिला मथुरा, कृष्णकांत शर्मा पुत्र श्यामसुंदर शर्मा, निवासी गोविन्द नगर जिला मथुरा, जितेन्द्र सिंह पुत्र केदार सिंह निवासी रायवा थाना अछनेरा जिला आगरा, महेश कुमार पुत्र रूपकिशोर निवासी फरह जिला मथुरा को पकड़ा है।
सोनू शर्मा पुत्र स्व. भगवानदास शर्मा निवासी फरह जिला मथुरा को आरबीएम अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार किया है। अभी महेश शर्मा पुत्र सोहनलाल ब्राह्मण निवासी बड़ा बाजार पुरोहित पायसा गोर्वधन थाना गोर्वधन जिला मथुरा आरबीएम अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस की जांच में आशंका जताई जा रही है कि यहां के किसी स्थानीय सरगना के हाथ पूरे गिरोह की कमान थी। इसमें यूपी और अन्य स्थानों से बड़े पैमाने पर जुआ खेलने वाले लोगों को बुलाया जाता था। उन्हें सुरक्षा की गारंटी तक दी जाती थी। पुलिस अब उस मुख्य सरगना का इनपुट निकालने में जुटी है। बताते हैं कि यहां हर दिन 15-20 लाख रुपए तक का जुआ खेला जाता था। होली के आसपास से होटल में जुआ बड़े पैमाने पर खेलने की बात सामने आ रही थी। करीब ढ़ाई-तीन महीने से जुआ चल रहा था।
अगर यह कहा जाए कि सारस चौराहे के आसपास से लेकर सेवर थाना इलाके में स्थित छोटे-बड़े होटलों में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत सामने आती रही है। कुछ माह पूर्व सारस पुलिस के भी ऐसे ही मामलों में कार्रवाई नहीं करने की बात सामने आई थी। उस समय पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई भी की थी।
हकीकत तो यह है कि होटलों की जांच के नाम पर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। हलैना थाना क्षेत्र में ही एक नामी नेता के होटल में वैश्यावृति के मामले में करीब एक वर्ष पूर्व कार्रवाई हुई थी, लेकिन एकाध कार्रवाई के बाद स्थानीय थाने व संबंधित जिम्मेदारों की ओर से इतिश्री कर दी जाती है।
Published on:
08 May 2026 09:34 am
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
