-घना के सामने छह महीने में तैयार होगी दूसरी चौपाटी, 2.27 करोड़ रुपए का हुआ टेंडर
भरतपुर. जिलेवासियों के लिए एक और खुशखबरी है। अब नेशनल हाईवे 21 पर केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने जल्द ही खुले में चाट, टिकिया, पकौड़ी, फास्ट फूड सहित अन्य व्यजनों का लुत्फ देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ जिले के लोग भी उठा सकेंगे। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है कि नगर सुधार न्यास की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए घना के सामने करीब 2.27 करोड़ रुपए की लागत से शहर की दूसरी चौपाटी तैयार कराई जा रही है। सबसे खास बात यह है कि यह चौपाटी नेशनल हाईवे से सटी होने के कारण यहां विदेशी सैलानी भी भारी संख्या में आएंगे और साथ ही हरियाली के चलते उन्हें शुद्ध वातावरण का माहौल भी मिल सकेगा। घना में अधिकांश देशी-विदेशी पर्यटकों के आने को देखते हुए पर्यटन की दृष्टि से यूआईटी ने घना के सामने विश्व प्रिय शास्त्री पार्क में चौपाटी बनाने का निर्णय लिया है। इस चौपाटी में विभिन्नि प्रकार की करीब 10 दुकानें आवंटित की जाएंगी। इसके लिए 2.27 करोड़ रुपए का टेंडर अजमेर की फर्म को दिया गया है। इसके साथ ही ठेकेदार को छह माह में पूरी चौपाटी तैयार करके यूआईटी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ठेकेदार की ओर से चौपाटी बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
...वाहन पार्किंग की भी अलग से व्यवस्था
शहर की दूसरी चौपाटी हाईवे के सटकर बनाई जा रही है। चौपाटी में आने वालों के लिए पार्क के मुख्य गेट पर गाड़ी की पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। जानकारों की मानें तो घना में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों को हाईवे से सटे कई होटल काफी रास आ रहे हैं। लेकिन उनमें ओपन फास्ट फूड की सुविधा नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए यूआईटी ने पार्क में घना के सामने चौपाटी बनाने का प्लान तैयार किया है।
नगर निगम ने गांधी पार्क में बनवाई है पहली चौपाटी
बता दें कि नगर निगम ने शहर के गांधी पार्क में पहली चौपाटी बनाई थी। जिसमें करीब 9 दुकानें तैयार की गई हैं। लेकिन करीब महीने बीतने के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे ेमें शहर के लोग नगर निगम द्वारा बनवाई गई चौपाटी का लुत्फ नहीं उठा पा रहे हैं।