भरतपुर

Rajasthan: सुसाइड से पहले नवविवाहिता ने बनाया वीडियो, कहा- ससुराल वाले पूजा नहीं करने दे रहे, ‘धर्म परिवर्तन’ का बना रहे दबाव

राजस्थान के भरतपुर में विवाह होने के 6 महीने के भीतर ही एक महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला ने रिकॉर्ड किए वीडियो में ससुराल वालों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। आरोपी ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।
2 min read
Jun 14, 2025
Women suicide
जांच करने पहुंची पुलिस (फोटो-पत्रिका)

भरतपुर। बयाना इलाके के गांव तालिमपुर में शनिवार को एक नवविवाहिता ने पीहर में आत्महत्या कर ली। सुसाइड करने से पहले नवविवाहिता ने एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने पहले वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, उसके बाद आत्महत्या की। वीडियो में दहेज की मांग और आत्महत्या को उकसाने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार गांव तालिमपुर निवासी मंजा देवी की शादी जनवरी 2025 में खैरथल जिले के बस्सी थाना क्षेत्र स्थित पड़ीसल निवासी लक्ष्मण राजपूत से हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद ही ससुराल में झगड़े होने लगे। विवाद के चलते मृतका पीहर तालिमपुर आ गई थी।

धर्म परिवर्तन नहीं करने पर दी गई पीड़ा

वीडियो में मृतका ने आरोप लगाया है कि उसके ससुरालवालों ने बार-बार ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। जब उसने खुद को सनातन की बेटी बताते हुए धर्म परिवर्तन से साफ इनकार किया तो उसके जीवन में मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न होने लगा।

रीति-रिवाजों का किया गया अपमान

पीड़िता ने बताया कि पूजा-पाठ तक करने से रोका गया, रीति-रिवाजों का अपमान किया गया और दहेज की मांगों का बोझ डाला गया। मंजा ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में उसने ससुरालवालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता पूर्व सैनिक उदय सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

घर में ताला लगाकर फरार हुए आरोपी

मृतका के पिता उदय सिंह ने बताया कि बेटी की पीड़ा जानने के बाद वे समाज के पंच-पटेलों के साथ ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां घर पर ताला लगा मिला। ससुरालजन सब कुछ छोड़कर भाग चुके थे। इस असहनीय अपमान और सामाजिक तिरस्कार से मंजा ने अपने पीहर गांव तालिमपुर में अगले ही दिन आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने ससुरालवालों पर आत्महत्या को मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। सदर थाना पुलिस ने धर्म परिवर्तन के दबाव और दहेज प्रताड़ना के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Updated on:
14 Jun 2025 10:02 pm
Published on:
14 Jun 2025 08:55 pm