भरतपुर

Bharatpur: पुलिस ने भेजा बोगस ग्राहक, गेस्ट हाउस में संदिग्ध हालत में मिलीं 9 लड़कियां, देह व्यापार की आशंका

Bharatpur News: भरतपुर में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस पर छापा मारकर देह व्यापार के आरोप में नौ युवतियों और कई युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Jul 02, 2026
Nine girls were detained from guest house
एआई तस्वीर

भरतपुर। पर्यटन नगरी के रूप में पहचान रखने वाला भरतपुर अब होटलों और गेस्ट हाउसों की आड़ में संचालित हो रहे कथित देह व्यापार के कारण भी चर्चा में है। गुरुवार को शहर के सारस चौराहे के पास स्थित एक गेस्ट हाउस पर पुलिस की छापामार कार्रवाई ने इस अवैध कारोबार की परतें खोल दीं। कार्रवाई के दौरान नौ युवतियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें एक नाबालिग भी बताई जा रही है। इनके साथ कई युवकों को भी पुलिस ने पकड़ा है।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सारस चौराहे के समीप स्थित टूरिस्ट गेस्ट हाउस में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए चार पुलिसकर्मियों को बोगस ग्राहक बनाकर भेजा गया। सूचना सही पाए जाने पर सीओ सिटी आशिमा वासवानी के नेतृत्व में मथुरा गेट थाना पुलिस ने गेस्ट हाउस पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। सूत्रों के अनुसार गेस्ट हाउस में बाहर से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और युवतियों को कहां से लाया जाता था।

शहर के कई होटलों पर उठ रहे सवाल

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भरतपुर शहर के अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी संदेह के घेरे में आ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई होटल बाहर से देखने में सामान्य व्यवसाय करते नजर आते हैं, लेकिन उनके भीतर लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की चर्चाएं होती रही हैं।

गुरुवार की कार्रवाई के बाद ऐसे ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। नाबालिग मिलने के कारण मामले में गंभीर धाराएं भी जुड़ सकती हैं। जांच पूरी होने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों का खुलासा कर सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस पर फिर उठे सवाल

सारस चौराहा केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के प्रवेश क्षेत्र के निकट होने के कारण शहर के सबसे व्यस्त होटल और गेस्ट हाउस हब के रूप में जाना जाता है। लंबे समय से इस इलाके के कई होटलों में देह व्यापार, जुआ और सट्टे जैसे अवैध धंधों के संचालन की चर्चाएं होती रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इसी क्षेत्र की निगरानी के लिए सारस पुलिस चौकी भी संचालित है, लेकिन इसके बावजूद समय-समय पर सामने आने वाली कार्रवाइयों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

सूत्रों के अनुसार पूर्व में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक की ओर से कराई गई जांच में भी सारस चौराहे के आसपास स्थित कुछ होटलों में जुआ-सट्टा और देह व्यापार संचालित होने के संकेत मिले थे। उस दौरान लापरवाही के आरोप में सारस चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। अब टूरिस्ट गेस्ट हाउस पर हुई ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगे हैं कि यदि पुलिस नियमित और निष्पक्ष जांच करे तो शहर में सक्रिय बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। शहर के कोतवाली, मथुरा गेट और अटलबंद थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में होटल और गेस्ट हाउस संचालित हैं, जहां समय-समय पर अवैध गतिविधियों के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या छिटपुट कार्रवाई से आगे बढ़कर पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई होगी।

Published on:
02 Jul 2026 09:05 pm