भरतपुर

गर्मी में पानी की समस्या से परेशान लोगों ने कहा…टैंकरों से मंगवाने को पैसे होते तो नल क्यों लगवाते

-अनाह गेट बजरिया में दो महीने से नहीं आ रहा पर्याप्त पानी, अनेक बार की शिकायत, अधिकारी कहते हैं कि भेजते हैं कर्मचारी
2 min read
गर्मी में पानी की समस्या से परेशान लोगों ने कहा...टैंकरों से मंगवाने को पैसे होते तो नल क्यों लगवाते
गर्मी में पानी की समस्या से परेशान लोगों ने कहा...टैंकरों से मंगवाने को पैसे होते तो नल क्यों लगवाते

भरतपुर. तेज गर्मी में एक-एक बूंद पानी के इंतजार में दिनभर खराब हो जाता है। फिर भी कोई सहारा नहीं दिखता है तो टैंकर मंगवाना पड़ता है। ऐसे में लोगों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि यदि टैंकर मंगवाने के लिए पैसे होते तो नल क्यों लगवाते साहब। फिर तो रोजाना नहाने-धोने के लिए टैंकर मंगवा लेते और पीने का पानी आरओ से भरवा लाता। सभी के पास इतना पैसे भी नहीं है कि वह खुद के खर्चे से टैंकर मंगवा सके।
स्थानीय लोगों का आरोप
अनाह गेट बजरिया निवासी राकेश मित्तल, गणेश चंद एवं नरेश का कहना है कि शहर के अनाह गेट बजरिया में करीब डेढ़-दो महीने से लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। यहां नल से कभी-कभी एक-दो बाल्टी पानी मुश्किल से हाथ आता है। ऐसे में भीषण गर्मी में लोगों का कंठ कैसे गीला होगा। जबकि गर्मियों में तो नहाने-धोने से लेकर कूलर आदि के लिए पानी का ज्यादा व्यय होता है। अनेक बार जलदाय विभाग में शिकायत की, तो अधिकारी सिर्फ इतना ही कहकर रह जाते हैं कि कर्मचारी को भेजकर दिखवाते हैं। लेकिन देखने के लिए कोई नहीं आता है। सिर्फ अनाह गेट ही नहीं, अपितु पटपरा मोहल्ला में भी कुछ इसी प्रकार के हालात बने हुए हैं। जहां करीब 10-12 दिनों से पाइप लाइन टूटी पड़ी थी। जैसे-तैसे अब लाइन छुड़ी तो उसमें कचरा भरने के कारण ब्लॉक हो गया है। अब नलों से पानी ही नहीं निकल रहा है।
यहां तीन बार खोदा, फिर हल हुई समस्या
शहर पटपरा मौहल्ला में जेसीबी से खुदाई के दौरान पाइप लाइन टूट गई तो लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। जैसे-तैसे लाइन जोड़ी तो पाइप में मिट्टी आदि भरने के कारण ब्लॉक हो गया तो नल से पानी की नहीं निकल रहा था। बाद में शिकायत की तो कर्मचारियों ने तीन जगह खुदाई की, तब जाकर पाइप साफ किया और शनिवार को ब्लॉक हटाया गया। जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। नहीं तो 6-7 दिनों से पानी की किल्लत से लोग गर्मी में परेशान हो रहे थे।
इनका कहना...
गर्मियों में थोड़ी समस्या तो होती है। अनाह गेट की शिकायत एक बार मिली थी। उस समय कर्मचारी भेजकर दिखवाया तो आपूर्ति सही मिली थी। फिर भी कर्मचारी भेजकर दिखवाते हैं। यदि कोई समस्या होगी तो उसका समाधान किया जाएगा।
अनसुइया शर्मा-जेईएन।
..............................

Published on:
26 Jun 2023 09:20 pm