
भरतपुर। शादी को लेकर सपने संजोए, लेकिन शादी के बाद रिश्ते में ऐसी दरार पड़ी कि दो परिवारों के अरमान धरे रह गए। पति-पत्नी के आपसी झगड़े में परिजन भी कूद पड़े। इसके चलते पीहर पक्ष व ससुराल पक्ष में पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते हालात खूनी संघर्ष में बदल गए। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष
दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। इस घटना में 8लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है | घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी आवड़दान रत्नू सहित मथुरा गेट थाना अधिकारी राजेश पाठक पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली|
सरकारी अध्यापक हैं पति-पत्नी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 2 साल पहले अमित और रेखा की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में अनबन चली आ रही है | दोनों ही सरकारी अध्यापक हैं और यूपी के सरकारी विद्यालयों में पदस्थापित हैं| इनके बीच पहले भी कई बार विवाद गहरा चुका है और पुलिस में मामले दर्ज हैं| आपसी विवाद के चलते पति अमित यूपी के अछनेरा के पास एक गांव में रहता है और उसकी पत्नी रेखा अपने पति के संजय नगर स्थित घर में रहती है|
बिजली का कनेक्शन को लेकर झगड़ा
संजय नगर स्थित मकान में बिजली का कनेक्शन कराने को लेकर दोनों के मध्य झगड़ा हो गया और फिर देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव शुरु हो गया| पथराव से कॉलोनी में अफरा-तफरी जैसी स्थिति पैदा हो गई| सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और घटना में घायल हुए सभी को उपचार के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया है| फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।